फरीदाबाद में घायल अवस्था में जमीन पर पड़ा हुआ दिखाई देता युवक।
फरीदाबाद के मोहन गांव से यमुना पुल की तरफ बागपुर जाने वाले रास्ते पर मंगलवार सुबह एक युवक लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। युवक के पैरों और शरीर पर चोटों के निशान थे।
.
बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने लोहे की पाइप और लाठी-डंडों से हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। हमले के बाद युवक पूरी रात सड़क किनारे ही पड़ा रहा और किसी को उसकी जानकारी नहीं लग सकी।
सुबह स्थानीय लोगों की नजर घायल युवक पर पड़ी तो उन्होंने उसकी मदद की और पुलिस को सूचना दी। इस दौरान कुछ लोगों ने युवक का वीडियो भी बनाया। वीडियो में युवक ने बताया कि रात करीब दो से ढाई बजे के बीच वह मोहन गांव से बागपुर की तरफ जा रहा था। रास्ते में उसे कुछ लोग दिखाई दिए।
युवक के अनुसार उसने उनसे रास्ता पूछने के लिए बात की, लेकिन इसी दौरान उन लोगों ने अचानक उस पर हमला कर दिया। युवक ने बताया कि तीन से चार लोगों ने मिलकर लाठी-डंडों और लोहे की पाइप से उसके पैरों पर हमला किया, जिससे उसके पैर बुरी तरह घायल हो गए। वीडियो में युवक कुछ लोगों के नाम भी बताता हुआ दिखाई दे रहा है।
सूचना मिलने के बाद डायल-112 की ईआरवी टीम और छायंसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे तुरंत इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
छायंसा थाना प्रभारी गोपाल दास ने बताया कि मंगलवार सुबह कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक युवक घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो पाई है और यह भी स्पष्ट नहीं है कि वह किस क्षेत्र का रहने वाला है।
घायल युवक को अस्पताल लेकर जाती पुलिस।
मौके पर पहुंची पुलिस की गाड़ी।
