Related Posts

अंबाला STF ने गैंगस्टर सचिन की पत्नी अरेस्ट की:दिल्ली एयरपोर्ट से पकड़ा, यमुनानगर में कारोबारी की हत्या की साजिश में शामिल




हरियाणा एसटीएफ यूनिट अंबाला ने यमुनानगर में एक कार सेल-परचेज व्यवसायी की हत्या की साजिश रचने के मामले में कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर सचिन की पत्नी एवं गैंग की सक्रिय सदस्य ममता रानी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को भारत लौटते ही दिल्ली एयरपोर्ट से हिरासत में लिया गया और बाद में कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया। एसटीएफ अंबाला द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी ममता रानी पत्नी गैंगस्टर सचिन, निवासी गांव धनौरा, थाना इंद्री, जिला करनाल है। उसकी गिरफ्तारी को विदेशी धरती से संचालित आपराधिक नेटवर्क और उनके सहयोगियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। यमुनानगर में पकड़े गए थे शूटर 15 मार्च को थाना छप्पर पुलिस ने गैंग से जुड़े चार आरोपियों राहुल, विशाल सैनी, विनोद और शुभम को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में खुलासा हुआ था कि आरोपी यमुनानगर के एक कार सेल-परचेज व्यवसायी की हत्या की तैयारी कर रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध पिस्टल, मैगजीन, जिंदा कारतूस तथा वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली दो बाइक बरामद की थीं। जांच के दौरान एक आरोपी के खाते में 10 हजार रुपए ट्रांसफर किए जाने की जानकारी भी सामने आई थी। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। केस दर्ज होने पर विदेश चली गई थी एसटीएफ के अनुसार, मामले के गहन जांच के दौरान ममता रानी की संलिप्तता उजागर हुई। जांच एजेंसी का कहना कि ममता गैंग को फंडिंग और लॉजिस्टिक सपोर्ट उपलब्ध करवा रही थी तथा गैंग की आपराधिक गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित करने में सहयोग कर रही थी। मुकदमा दर्ज होने के बाद वह कानूनी कार्रवाई से बचने के उद्देश्य से विदेश चली गई थी। लगातार तकनीकी एवं मानवीय सूचना संकलन और गहन जांच के आधार पर एसटीएफ ने उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए रखी और भारत लौटते ही उसे गिरफ्तार कर लिया। रूस में बैठकर गैंग चला रहा है सचिन जांच एजेंसियों के अनुसार, ममता रानी का पति गैंगस्टर सचिन लंबे समय से रूस में रह रहा है और एक कुख्यात गैंग से सक्रिय रूप से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि वह विदेश में बैठकर गैंग की गतिविधियों का संचालन कर रहा है तथा वित्तीय लेन-देन और आपराधिक योजनाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। एसटीएफ का मानना है कि मार्च में कार कारोबारी की हत्या की साजिश भी सचिन ने विदेश में रहकर रची थी और उसके निर्देशों पर गैंग के सदस्य कार्रवाई की तैयारी कर रहे थे। एसटीएफ अंबाला के अनुसार ममता रानी की गिरफ्तारी गैंग के वित्तीय एवं लॉजिस्टिक नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। रिमांड के दौरान गैंग की फंडिंग, स्थानीय सहयोगियों, हवाला या अन्य वित्तीय माध्यमों तथा विदेश से संचालित नेटवर्क से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें