कैथल में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने हरियाणा की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने रोहतक स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (UHSR) द्वारा मेडिकल और पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों की फीस में की गई बढ़ोतरी को छात्रों के भविष्य पर डकैती और खुली वसूली करार दिया। सुरजेवाला ने कहा कि हरियाणा में डॉक्टर, नर्स और फार्मासिस्ट बनने का सपना देखने वाले गरीब और मध्यमवर्गीय युवाओं के अरमानों पर सरकार ने महंगाई का एक नया नायब बम फोड़ दिया है। हर साल 10% की अतिरिक्त सालाना वृद्धि और 20 हजार रुपए तक की लेट फीस का आतंक युवाओं को मानसिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। फीस में हुई भारी बढ़ोतरी का विवरण साझा किया सुरजेवाला ने फीस में हुई भारी बढ़ोतरी का विस्तृत विवरण साझा करते हुए लूट का पूरा गणित बेतहाशा फीस वृद्धि करार दिया। सुरजेवाला कहा कि सरकार ने शिक्षा को व्यापार बना दिया है। MBBS प्रति वर्ष की फीस को सीधे ढाई हजार से बढ़ाकर 10 हजार रुपए कर दिया। एमफार्मा फीस को तीन से सीधे बढ़ाकर 12 हजार कर दिया। बीपीटी को 4500 रुपए कर दिया गया है। एमडी व एमएस फीस को ढाई हजार से सीधे 20 हजार कर दिया गया है। बढ़ी फीस वापस लेने की मांग राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने चेतावनी देते हुए कहा कि यह मार सिर्फ यहीं नहीं रुकती। नई दरें 1 अगस्त से लागू होने जा रही हैं और आने वाले 5 वर्षों तक हर साल फीस में 10% की अतिरिक्त सालाना वृद्धि का प्रावधान कर छात्रों को परमानेंट आर्थिक संकट में धकेल दिया गया है। कांग्रेस पार्टी इस फैसले का पुरजोर विरोध करती है और मांग करती है कि बढ़ी हुई फीस के आदेश को तुरंत प्रभाव से वापस लिया जाए। यदि सरकार ने यह फैसला वापस नहीं लिया तो कांग्रेस सड़कों से लेकर विधानसभा तक छात्रों के हक की लड़ाई लड़ेगी।
Source link
मेडिकल-पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों की फीस बढ़ोतरी का विरोध:कैथल में सुरजेवाला बोले-छात्रों के भविष्य पर डकैती, महंगाई का नायब बम फोड़ा
