पंजाब सरकार के ‘मिशन समर्थ 4.0’ के तहत पठानकोट जिले में स्कूलों की निगरानी तेज कर दी गई है। इसका उद्देश्य सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारना और छात्रों की बुनियादी सीखने की क्षमताओं को मजबूत करना है। इसी क्रम में, जिला शिक्षा अधिकारी (एलिमेंट्री) श्रीमती कमलदीप कौर ने सरकारी प्राइमरी स्कूल मिशन रोड और सरकारी मिडिल स्कूल मिशन रोड का दौरा कर शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायया लिया। अपने दौरे के दौरान, श्रीमती कमलदीप कौर ने विभिन्न कक्षाओं का निरीक्षण किया और छात्रों से सीधे संवाद किया। उन्होंने छात्रों के पढ़ने, लिखने, गणितीय कौशल और समझने की क्षमताओं का आकलन किया। विशेष रूप से, तीसरी से आठवीं कक्षा तक के छात्रों के सीखने के स्तर की जाँच की गई, क्योंकि ‘मिशन समर्थ 4.0’ का मुख्य लक्ष्य प्रत्येक छात्र को बुनियादी सीखने की क्षमताओं में सक्षम बनाना है। छात्रों को किया प्रेरित इस अवसर पर, उन्होंने छात्रों को नियमित अध्ययन करने, अनुशासन बनाए रखने और लक्ष्य निर्धारित कर कड़ी मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। जिला शिक्षा अधिकारी ने शिक्षकों के साथ भी विस्तृत चर्चा की। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि प्रत्येक बच्चे की सीखने की क्षमता भिन्न होती है, इसलिए शिक्षकों को छात्र-केंद्रित शिक्षण विधियों को अपनाना चाहिए। उन्होंने शिक्षण-अधिगम सामग्री (टीएलएम) के प्रभावी उपयोग, स्मार्ट क्लासरूम के सुचारु संचालन और गतिविधि-आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। दौरे के दौरान, स्कूलों के उपस्थिति रजिस्टर, छात्रों की प्रगति रिपोर्ट, बेसलाइन और मासिक परीक्षा परिणामों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। श्रीमती कौर ने स्कूल प्रमुखों को प्रत्येक छात्र की प्रगति का नियमित रिकॉर्ड रखने और जिन छात्रों को अतिरिक्त सहायता की आवश्यकता है, उनके लिए विशेष शैक्षणिक योजनाएँ बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने ‘मिशन समर्थ 4.0’ के तहत लागू किए गए डिजिटल उपस्थिति प्रणाली की भी समीक्षा की और बताया कि यह प्रणाली छात्रों की दैनिक उपस्थिति की निगरानी को संभव बनाती है।
Source link
पठानकोट में मिशन समर्थ 4.0 की पड़ताल:डीईओ कमलदीप कौर ने स्कूलों का निरीक्षण किया, छात्रों की सीखने की क्षमता परखी
