Top 5 This Week

Related Posts

पंचकूला जीजा-साला मर्डर केस में 3 अरेस्ट:2 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजे गए, हथियार-वाहनों की होगी बरामदगी, लव मैरिज से चल रही थी रंजिश




पंचकूला सेक्टर-19 में आपसी रंजिश के चलते हुए जीजा-साले के डबल मर्डर मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अदालत ने तीनों आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस रिमांड के दौरान वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार, स्कूटी और मोटरसाइकिल बरामद करने के साथ फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पूछताछ करेगी। सेक्टर-20 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सोमबीर ढाका ने बताया कि 4 जुलाई को सूचना मिली थी कि सेक्टर-19 निवासी संजीत की तेजधार हथियारों से घायल होने के कारण मौत हो गई है। पुलिस टीम सरकारी अस्पताल सेक्टर-6 पहुंची और प्रारंभिक जांच के बाद सीआईडी अंडरपास के पास घटनास्थल पर पहुंची। वहां से कुछ दूरी पर अर्जुन उर्फ चीटा निवासी खड़क मंगोली का शव भी बरामद हुआ। उसके शरीर पर भी तेजधार हथियारों के कई गंभीर घाव मिले। लव मैरिज से चल रही थी रंजिश सीन ऑफ क्राइम टीम ने मौके का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान अर्जुन की बहन ने पुलिस को बताया कि उसके भाई का संजीत की बहन से कई वर्षों तक प्रेम संबंध रहा था और दोनों ने मंदिर में विवाह भी किया था। बाद में दोनों अलग रहने लगे, जिसके बाद संजीत और अर्जुन के बीच लगातार विवाद और रंजिश बनी रही। पुलिस के अनुसार आरोप है कि नामकरण कार्यक्रम के बहाने अर्जुन को बुलाया गया, जहां संजीत और उसके साथियों ने उस पर योजनाबद्ध तरीके से तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। इसी दौरान हुए खूनी संघर्ष में संजीत की भी मौत हो गई। इस संबंध में सेक्टर-20 थाना में दोनों मामलों में अलग-अलग केस दर्ज किए गए हैं। तीन आरोपी गिरफ्तार, फरार आरोपियों की तलाश जारी मामले की जांच कर रहे सेक्टर-19 चौकी प्रभारी पीएसआई कमलदीप सिंह ने टीम के साथ कार्रवाई करते हुए विपिन, प्रेमचंद और सुखप्रीत सिंह उर्फ लक्की, तीनों निवासी अभयपुर, को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को तीनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। रिमांड में हथियार और वाहन बरामद करेगी पुलिस पंचकूला सेक्टर-20 थाना इंचार्ज सोमबीर ढाका ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस रिमांड के दौरान वारदात में प्रयुक्त हथियारों, स्कूटी और मोटरसाइकिल की बरामदगी के साथ फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें