Related Posts

पेयजल-सीवरेज पर सोनीपत MLA अधिकारियों पर भड़के:विधायक बोला- रेनकोट पहनो या गर्मी में खड़े हो; ड्रामा नहीं चलेगा, ब्लैकलिस्ट और भुगतान रोकने के निर्देश




शहर में पेयजल आपूर्ति और सीवरेज व्यवस्था की बदहाल स्थिति को लेकर सोमवार को सोनीपत के विधायक निखिल मदान का गुस्सा खुलकर सामने आया। कालूपुर चौक इंडस्ट्रियल एरिया स्थित वाटर बूस्टिंग स्टेशन के औचक निरीक्षण के दौरान उन्होंने नगर निगम अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों को जमकर फटकार लगाई। विधायक ने दो टूक शब्दों में कहा, “चाहे रेनकोट पहनकर खड़े होना पड़े या भीषण गर्मी में काम करना पड़े, लेकिन जनता को राहत मिलनी चाहिए। अब बहानेबाजी और ड्रामा बिल्कुल नहीं चलेगा।” उन्होंने अधिकारियों को दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि पेयजल और सीवरेज की समस्याओं का समाधान तय समय में नहीं हुआ तो जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। साथ ही लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों को ब्लैकलिस्ट करने, भुगतान रोकने और शिकायतों के समाधान में देरी पर जुर्माना लगाने के भी निर्देश दिए। ‘मेयर रहते इतनी परेशानी नहीं आई, जितनी अब आ रही है’ निरीक्षण के दौरान विधायक निखिल मदान ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि जब वह मेयर थे तब भी शहर में ऐसी समस्याएं नहीं आती थीं, जैसी वर्तमान में देखने को मिल रही हैं। उन्होंने एसडीओ और जेई को दो दिन का समय देते हुए चेतावनी दी कि यदि इस अवधि में व्यवस्था नहीं सुधरी तो जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ लिखित रूप से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान स्थिति केवल अधिकारियों और कर्मचारियों की लापरवाही का परिणाम है। ‘यहां से कोई कर्मचारी नहीं जाएगा, पहले काम पूरा होगा’ विधायक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों से दो टूक कहा कि जब तक यहां का काम पूरी तरह ठीक नहीं हो जाता, तब तक कोई भी कर्मचारी अपनी ड्यूटी छोड़कर नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि चाहे बारिश में रेनकोट पहनकर काम करना पड़े या भीषण गर्मी में खड़े रहना पड़े, लेकिन जनता को राहत मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अब बहानेबाजी और ड्रामा बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वाल बदलने पर भी लगाया नियंत्रण बैठक में विधायक ने निर्देश दिए कि भविष्य में पेयजल लाइन की कोई भी वाल बिना उनकी जानकारी और गुणवत्ता की जांच के नहीं बदली जाएगी। उन्होंने कहा कि केवल एक्सईएन, एसडीओ या जेई की अनुमति पर्याप्त नहीं होगी। संबंधित एजेंसी को भुगतान तभी किया जाएगा, जब कार्य की संतोषजनक रिपोर्ट कनिष्ठ अभियंता की ओर से दी जाएगी। पाइपलाइन होने के बावजूद नहीं हो रहा काम विधायक ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि कालूपुर से सिटी लाइन तक पाइपलाइन उपलब्ध होने के बावजूद काम सही तरीके से नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी रोजाना लाइन खराब होने का बहाना बनाते हैं, जबकि जनता को नियमित पेयजल उपलब्ध कराना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि पहले से मौजूद व्यवस्था का भी सही ढंग से संचालन नहीं हो पा रहा है तो यह गंभीर लापरवाही है। जनता की शिकायतों पर किया औचक निरीक्षण विधायक निखिल मदान ने बताया कि उन्हें लगातार लाइन पार क्षेत्र से पेयजल आपूर्ति और सीवरेज से जुड़ी शिकायतें मिल रही थीं। लोगों ने बताया कि पानी की सप्लाई का कोई निश्चित समय नहीं है, कई कॉलोनियों में दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है तथा सीवरेज जाम और गंदे पानी के भराव की समस्या बनी हुई है। शिकायतें दर्ज होने के बावजूद एजेंसियों की ओर से समाधान नहीं किया जा रहा था, जिसके चलते उन्होंने स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों और एजेंसियों को दिए सख्त निर्देश निरीक्षण के बाद विधायक ने नगर निगम के कार्यकारी अभियंता राहुल पूनिया, एसडीओ मनजीत दहिया, कनिष्ठ अभियंता विकास कुमार, कनिष्ठ अभियंता राहुल दहिया तथा संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी एजेंसी का कार्य संतोषजनक नहीं पाया गया तो उसे ब्लैकलिस्ट किया जाएगा। सीवरेज एजेंसी की मशीनों और कर्मचारियों की होगी जांच विधायक ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीवरेज कार्य कर रही एजेंसी के सभी वाहनों, मशीनों और कर्मचारियों की जांच कराई जाए। टेंडर में निर्धारित मशीनरी और श्रमिकों की संख्या का सत्यापन किया जाए और यदि कोई कमी पाई जाती है तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाए। शिकायतों के समाधान में देरी पर लगेगा जुर्माना
विधायक निखिल मदान ने कहा कि यदि पेयजल या सीवरेज संबंधी शिकायत का समय पर समाधान नहीं किया जाता है तो संबंधित एजेंसी पर प्रतिदिन के हिसाब से जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि जब तक कार्य संतोषजनक नहीं होगा, तब तक एजेंसी को किसी प्रकार का भुगतान नहीं किया जाएगा। ये लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर मार्केट कमेटी वाइस चेयरमैन संजय वर्मा, नगर निगम पार्षद अनुराग जैन, सुनीता सतबीर भोला, सुनीता ब्रह्मप्रकाश राठी, राजकुमार शर्मा, मनोनीत पार्षद चरण सिंह जोगी, सीएम विंडो एमिनेंट पर्सन नरेश वर्मा, राजेश वर्मा, अनिल ग्रोवर, अनिल बाजवान तथा संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधियों सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें