![]()
महेंद्रगढ़ में गुरुवार देर शाम परिवहन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. वी. राजा शेखर वंडूरू का नागरिक अभिनंदन किया गया। डॉ. राजा शेखर ने महेंद्रगढ़ में एसडीएम के रूप में अपनी प्रशासनिक पारी की शुरुआत की थी। 33 साल बाद शहर पहुंचे डॉ. राजा शेखर ने इस अवसर पर अपनी पुरानी यादें साझा कीं और क्षेत्र के विकास, शिक्षा तथा भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने महेंद्रगढ़ बस स्टैंड पर सब-डिपो जल्द शुरू कराने का आश्वासन भी दिया। अभिनंदन समारोह से पूर्व डॉ. राजा शेखर ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। आयोजकों ने बैंड-बाजों के साथ उनका स्वागत किया और जुलूस के रूप में उन्हें महाराजा अग्रसेन शॉपिंग कॉम्प्लेक्स तक पहुंचाया। जहां उन्होंने एक स्मारिका का अनावरण किया और महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर पुष्प चढ़ाए। इस दौरान विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, राजनीतिक और व्यापारिक संगठनों ने पगड़ी, अंगवस्त्र और पुष्पमालाएं भेंट कर उनका सम्मान किया। प्रशासन और समाज मिलकर काम करे, तभी विकास संभव : राजा शेखर वंडूरू पत्रकारों से बातचीत में डॉ. राजा शेखर ने बताया कि जब वे महेंद्रगढ़ में एसडीएम थे, तब पुराने बस अड्डे को स्थानांतरित कर उसकी जगह शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाने का विचार आया था। स्थानीय लोगों के सहयोग से यह योजना सफल हुई और आज यह कॉम्प्लेक्स महेंद्रगढ़ का एक प्रमुख व्यापारिक केंद्र बन गया है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि विकास तभी संभव है जब प्रशासन और समाज मिलकर काम करें। महाराजा अग्रसेन शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के बरामदों के दुकानदारों द्वारा उपयोग के संबंध में उन्होंने स्पष्ट किया कि मूल योजना में बरामदे आम लोगों के आवागमन के लिए बनाए गए थे। उन्होंने कहा कि इतने बड़े कॉम्प्लेक्स के संचालन और नियमों के पालन की जिम्मेदारी अब संबंधित निगम और प्रबंधन की है। महेंद्रगढ़ में जल्द शुरू होगा रोडवेज सब-डिपो : डॉ. राजा महेंद्रगढ़ में रोडवेज सब-डिपो के संचालन में हो रही देरी पर पूछे गए सवाल के जवाब में डॉ. राजा शेखर ने कहा कि यह मामला लंबे समय से लंबित है। परिवहन विभाग इस विषय को गंभीरता से ले रहा है और इसे जल्द ही शुरू करवाया जाएगा। निकट भविष्य में अपनी सेवानिवृत्ति के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर डॉ. राजा शेखर ने कहा कि प्रशासनिक सेवा समाप्त होने के बाद भी उनका समाज से जुड़ाव बना रहेगा। उन्हें लेखन का विशेष शौक है और वे अपने लंबे प्रशासनिक अनुभवों पर पुस्तकें लिखेंगे। साथ ही देश के विभिन्न राज्यों में जाकर युवाओं और अधिकारियों के साथ अपने अनुभव साझा करेंगे। उन्होंने कहा कि महेंद्रगढ़ से उनका भावनात्मक संबंध हमेशा बना रहेगा और वे यहां नियमित रूप से आते रहेंगे।
Source link
महेंद्रगढ़ में एसीएस डॉ. राजा शेखर का अभिनंदन:33 साल पहले रह चुके एसडीएम, बोले- जल्द शुरू किया जाएगा रोडवेज सब-डिपो







