![]()
पठानकोट के नूरपुर पुलिस जिला ने अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंड इंदौरा क्षेत्र में एक बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। मानसून सीजन के दौरान सरकार द्वारा लगाए गए खनन प्रतिबंध का सरेआम उल्लंघन करते हुए लोडर और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के जरिए अवैध खनन किया जा रहा था, जिस पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मंड इंदौरा के वार्ड नंबर-11 में सरकारी आदेशों और पाबंदियों को ताक पर रखकर लोडर तथा ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की मदद से बड़े पैमाने पर अवैध खनन की गतिविधियां चलाई जा रही थीं। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी कर खनन माफिया को रंगे हाथों दबोच लिया। लोगों के सहयोग से पकड़ा नेटवर्क कार्रवाई के दौरान स्थानीय नागरिकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका देखने को मिली। क्षेत्र में लगातार हो रहे अवैध खनन से परेशान स्थानीय लोगों ने पुलिस का साथ दिया और मौके पर पहुंचकर खनन माफिया को काबू करने में सक्रिय सहयोग प्रदान किया। इस अवैध धंधे में संलिप्त बंटी, शिव, शाकू, लोडर मालिक नरेंद्र सिंह उर्फ बड्डू और नासर (सभी निवासी मंड इंदौरा) को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने इन सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2), 3(5) तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की गहराई से जांच जारी है। पूरे नेटवर्क की पहचान में जुटी पुलिस अवैध खनन में इस्तेमाल किए गए अन्य वाहनों, भारी मशीनरी और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है, जिनके खिलाफ भी कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। नूरपुर पुलिस ने साफ कर दिया है कि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति लागू है और जनता से भी अपील की है कि वे ऐसे किसी भी अवैध कार्य की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
Source link
मंड इंदौरा में अवैध खनन पर पुलिस का प्रहार:5 आरोपियों पर मामला दर्ज, लोडर-ट्रैक्टर जब्त, ग्रामीणों के सहयोग से हुई कार्रवाई







