भिवानी के वस्त्र विज्ञान एवं प्रौद्योगिकीय संस्थान टीआईटी में अत्याधुनिक हाईटेक कम्पोजिट साइंस एवं इंजीनियरिंग प्रयोगशाला की स्थापना की। संस्थान के निदेशक प्रो. बीके बेहरा ने प्रयोगशाला की विशेषताओं एवं भावी उपयोगों की जानकारी दी। इसका उद्घाटन संस्थान के पूर्व छात्र एवं उद्योगपति सुभाष भार्गव ने किया। प्रो. बीके बेहरा ने बताया कि यह प्रयोगशाला उत्तर भारत की सबसे आधुनिक कम्पोजिट इंजीनियरिंग प्रयोगशालाओं में से एक है। जिसमें अत्याधुनिक परीक्षण, निर्माण एवं विश्लेषण संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। कम्पोजिट सामग्री विज्ञान एवं इंजीनियरिंग वर्तमान समय में एयरोस्पेस, ऑटोमोबाइल, रक्षा, खेल उपकरण, चिकित्सा उपकरणों तथा उन्नत विनिर्माण उद्योगों का एक महत्वपूर्ण आधार बन चुकी है। इस प्रयोगशाला की स्थापना से न केवल विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को अत्याधुनिक तकनीकों पर कार्य करने का अवसर मिलेगा, बल्कि उद्योगों और शिक्षण संस्थानों के बीच सहयोग को भी नई दिशा प्राप्त होगी। सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की
उन्होंने कहा कि संस्थान में कलरेंट लिमिटेड के सहयोग से एक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की है, जिसके माध्यम से उद्योग-अकादमिक सहयोग, अनुसंधान एवं कौशल विकास गतिविधियों को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा। टीआईटी एंड साइंसेज ने गत वर्ष देश में अपनी तरह का पहला करियर उन्मुख मास्टर डिग्री कार्यक्रम एमटेक/मास्टर्स इन कम्पोजिट साइंस एंड इंजीनियरिंग प्रारंभ किया था। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों, इंजीनियरों एवं शोधार्थियों को उभरती हुई कम्पोजिट प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में विशेषज्ञता प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सहित देश के विभिन्न उद्योगों, विज्ञान विषयों के स्नातकोत्तर विद्यार्थियों, इंजीनियरों, शोधार्थियों तथा संबंधित क्षेत्रों के विशेषज्ञों के लिए यह प्रयोगशाला अनुसंधान, प्रशिक्षण एवं परीक्षण कार्यों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।
Source link
भिवानी TIT में हुई कम्पोजिट इंजीनियरिंग प्रयोगशाला की स्थापना:डायरेक्टर बोले- उत्तर भारत की सबसे आधुनिक में से एक, पूर्व छात्र ने किया उद्घाटन
