![]()
इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने प्रदेश में चर्चित IDFC फर्स्ट बैंक–AU स्माल फाइनेंस बैंक से जुड़े घोटाले को लेकर हरियाणा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में भ्रष्टाचार खत्म होने के बजाय लगातार बढ़ा है और इस मामले में सरकार कई अहम सवालों का जवाब देने से बच रही है। चौटाला ने कहा कि जब मनोहर लाल मुख्यमंत्री बने थे, तब उन्होंने भ्रष्टाचार खत्म करने का दावा किया था। इसके बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी भ्रष्टाचार पर सख्ती की बात कही, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज हरियाणा भ्रष्टाचार के मामलों में नंबर-1 पर पहुंच गया है। सरकार कहती रही नुकसान नहीं हुआ, फिर CBI जांच क्यों? अभय चौटाला ने कहा कि जब यह बैंक घोटाला सामने आया था, तब मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि सरकार को कोई वित्तीय नुकसान नहीं हुआ। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकार को नुकसान नहीं हुआ और सब कुछ सही था तो फिर इस मामले की CBI जांच क्यों करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि CBI जांच खुद इस बात का संकेत है कि मामला गंभीर है और इसकी निष्पक्ष जांच जरूरी समझी गई। 1-2 IAS अधिकारियों को सरकारी गवाह बना सकती है सरकार इनेलो अध्यक्ष ने दावा किया कि सरकार इस मामले में फंसे 1-2 आईएएस अधिकारियों को सरकारी गवाह बना सकती है। उनका कहना था कि यदि इन अधिकारियों की गिरफ्तारी होती है तो सरकार के कई अहम राज सामने आ सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में जिन आईएएस अधिकारियों के नाम सामने आए हैं, वे सभी कभी न कभी मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) में काम कर चुके हैं। मुख्यमंत्री की नाक के नीचे हुआ घोटाला अभय चौटाला ने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय के अधीन काम कर चुके अधिकारियों के नाम सामने आने से कई सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की नाक के नीचे इतना बड़ा घोटाला हुआ और सरकार को इसकी भनक तक नहीं लगी। चौटाला ने कहा कि उनकी राय में ऐसे मामलों में घोटाला नीचे से शुरू नहीं होता बल्कि ऊपर से शुरू होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके। मंत्री से संतरी तक भ्रष्टाचार की चर्चा अभय चौटाला ने कहा कि हरियाणा में आम लोगों के बीच यह धारणा बन चुकी है कि भ्रष्टाचार व्यवस्था के हर स्तर तक पहुंच चुका है। उन्होंने दावा किया कि जनता के बीच यह कहावत चल रही है कि मंत्री से लेकर संतरी तक भ्रष्टाचार में लिप्त हैं।
Source link
बैंक घोटाले पर अभय का हरियाणा सरकार पर जुबानी हमला:बोले-जब नुकसान नहीं हुआ तो CBI जांच क्यों, 1-2 IAS को सरकारी गवाह बनाएगी







