पानीपत पुलिस ने पति समेत छह ससुरालियों पर केस दर्ज किया है। आरोपियों पर बिना तलाक दिए दूसरी शादी रचाने का आरोप है। इसके अलावा कोर्ट परिसर में पहली पत्नी का रास्ता रोककर जान से मारने की धमकी देने की बात भी सामने आई है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मेंटेनेंस केस की तारीख पर कोर्ट आई थी पीड़िता, लॉबी में रोका रास्ता पुलिस को दी शिकायत में शहर की एक कॉलोनी में रहने वाली पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2021 में सोनीपत निवासी अश्वनी दहिया के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही दहेज के लिए शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के कारण उसने ससुरालियों के खिलाफ पानीपत के ओल्ड इंडस्ट्रियल एरिया थाने में केस दर्ज कराया था, जो अदालत में विचाराधीन है। इसके अलावा उसने पति के खिलाफ भरण-पोषण (मेंटेनेंस) और डीवी एक्ट का केस भी दाखिल किया हुआ है। आरोप है कि बीते 3 अप्रैल 2026 को पीड़िता इसी मेंटेनेंस केस के सिलसिले में पानीपत कोर्ट परिसर पहुंची थी, जहां उसका पति अश्वनी भी हाजिर था। जब वह कोर्ट रूम से बाहर निकल रही थी, तभी कोर्ट की लॉबी में उसके पति अश्वनी दहिया ने जबरन उसका रास्ता रोक लिया। बोला- मैंने दूसरी शादी कर ली है, केस वापस नहीं लिया तो जान से मार दूंगा पीड़िता का आरोप है कि पति अश्वनी ने रास्ता रोककर धमकी देते हुए कहा, मेरे खिलाफ तूने जितने भी मुकदमे किए हैं, उन सबको वापस उठा ले। मैंने तो दूसरी शादी भी कर ली है और उससे मुझे एक बेटा भी है। अगर तूने केस वापस नहीं लिया तो मैं तुझे और तेरे परिवार को जान से मार दूंगा। कोर्ट परिसर में भीड़ जुटने पर आरोपी पति मौके से भाग निकला। पत्नी ने जुटाए सुबूत, सामने आया दूसरी शादी और बच्चे का सच इस घटना के बाद सदमे में आई पीड़िता ने अपने स्तर पर पति के दावों की पड़ताल की और सुबूत जुटाने का प्रयास करने लगी। जांच के दौरान पीड़िता को पता चला कि उसके पति की दूसरी शादी की बात पूरी तरह सच है। उसके पति अश्वनी दहिया ने उसे तलाक दिए बिना ही कानूनन दिव्या राठी नाम की महिला से सात फेरे लेकर दूसरी शादी कर ली है और उन दोनों का एक बेटा भी है, जिसका नाम रनविजय दहिया मालूम हुआ है। इसके बाद पीड़िता ने दूसरी शादी के तमाम पुख्ता सुबूत व दस्तावेज जुटाकर पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी। महिला थाना पुलिस ने इन धाराओं में दर्ज की FIR महिला थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अश्वनी दहिया (पति), युधवीर दहिया (ससुर), मुकेश दहिया (सास), दिव्या राठी (दूसरी पत्नी), पति की बुआ व फूफा (नाम नामालूम), पति की बहन/ननंद (नाम नामालूम) (मुख्य आरोपी पति, सास और ससुर सोनीपत के वेस्ट रामनगर, सीआरए कॉलेज न्यू बिल्डिंग के पास के रहने वाले हैं) के खिलाफ धारा 126(2), धारा 351(3), धारा 82(1) व 49 और धारा 3(5) के तहत केस दर्ज कर लिया है।
Source link
बिना तलाक दिए पति ने रचाई दूसरी शादी:पानीपत कोर्ट की लॉबी में पहली पत्नी को दी जान से मारने की धमकी, ससुरालियों पर FIR
