![]()
झज्जर जिले के बहादुरगढ़ नगर परिषद की बजट बैठक लंबे समय से विवादों में चल रही हैं। आज आखिरकार हंगामे के बीच आरोप-प्रत्यारोप और पार्षदों के विरोध के बीच नगर परिषद का 148 करोड़ रुपये का बजट पास कर दिया गया। बैठक के दौरान पार्षदों और अधिकारियों के बीच काफी देर तक नोकझोंक चलती रही। हालात तब बदले जब विधायक राजेश जून ने पार्षदों के सामने हाथ जोड़कर शहरहित में बजट पारित करने की अपील की, जिसके बाद पार्षदों ने सहमति दे दी। बैठक में विधायक ने सभी 31 वार्डों में दो चरणों में 1-1 करोड़ रुपए के विकास कार्य करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने नगर परिषद में भ्रष्टाचार की बात स्वीकार करते हुए कहा कि सफाई ठेके के कामकाज से वे खुद भी संतुष्ट नहीं हैं। पार्षद बोले- विधायक के सम्मान में बजट पारित किया बैठक के बाद जितेन्द्र राठी व अन्य पार्षदों ने कहा कि विधायक पहली बार नगर परिषद की बैठक में पहुंचे थे, इसलिए उनके सम्मान में बजट पारित किया गया। हालांकि उन्होंने अधिकारियों और चेयरपर्सन पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। पार्षदों का कहना था कि विकास कार्यों की गुणवत्ता जांचे बिना ठेकेदारों के बिल पास किए जा रहे हैं। पार्षदों ने आंकड़ों फर्जी बताए पार्षदों ने बजट प्रस्ताव में दर्शाए गए आय-व्यय के आंकड़ों पर भी सवाल उठाते हुए उन्हें फर्जी बताया। उनका कहना था कि वे विकास कार्यों के विरोध में नहीं हैं, लेकिन गलत और भ्रष्ट कार्य किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किए जाएंगे। गौरतलब है कि इससे पहले नगर परिषद की तीन बजट बैठकें विफल हो चुकी थीं। अब बजट पास होने के बाद शहरवासियों को टूटी गलियों, जर्जर नालियों और सीवर जाम जैसी समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद जगी है। साथ ही शहर के सौंदर्यकरण पर भी बजट राशि खर्च की जाएगी।
Source link
बहादुरगढ़ में हंगामे के बीच 148 करोड़ का बजट पास:विधायक राजेश जून ने हाथ जोड़कर की अपील; बोले- शहर हित में करें समर्थन







