![]()
हरियाणा में लगातार आ रहे पश्चिमी विक्षोभ से भीषण गर्मी और लू से राहत मिली है। मौसम विभाग (IMD) ने आज राज्य के कई हिस्सों में राहत की बौछारें पड़ने की उम्मीद जताई है। आज गुरुवार को दक्षिण-पूर्वी और उत्तरी हरियाणा के करीब 15 जिलों में मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं (आंधी) चलने और हल्की बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। आज पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत और जींद जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में धूलभरी आंधी और आकाशीय बिजली चमकने की चेतावनी है। अगले 3 दिन ऐसा रहेगा मौसम
19 जून को पश्चिमी और मध्य हरियाणा के सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और भिवानी समेत कई जिलों में यलो अलर्ट रहेगा। इसके अलावा 20 जून को उत्तरी जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर में यलो अलर्ट का असर रहेगा। 21 जून को उत्तरी हरियाणा के सीमित हिस्सों में गरज-चमक की स्थिति बनी रह सकती है। जानिए कैसा रहा अधिकतम और न्यूनतम तापमान…
बारिश नहीं होने से तापमान बढ़ा : हरियाणा में कल के मुकाबले औसत अधिकतम तापमान में 3.5°C का उछाल देखा गया, जो अब सामान्य के करीब पहुंच गया है। राज्य में सबसे अधिक तापमान भिवानी में 39.5°C दर्ज किया गया। इसके अलावा अंबाला में 39.3°C, रोहतक में 39.3°C और चंडीगढ़ में 38.3°C पारा रहा। हालांकि, हिसार में सामान्य से 3.1°C और नारनौल में सामान्य से 7.4°C कम तापमान दर्ज होने से गर्मी से राहत रही। न्यूनतम पारा सामान्य से 2.1°C नीचे : राज्य में रात के औसत न्यूनतम तापमान में 0.4°C की मामूली गिरावट आई है, जो सामान्य से 2.1°C कम है। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान नारनौल में 20.0°C रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4.9°C कम है। वहीं हिसार में रात का पारा 21.7°C और गुरुग्राम में 21.0°C रहा।
Source link
हरियाणा के 15 जिलों में आंधी-बिजली का अलर्ट:गरज-चमक के साथ 50 kmph की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जानें अगले 3 दिनों का मौसम







