हिसार पुलिस ने रेप एवं पोक्सो अधिनियम के एक मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले मामले में एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया गया था, जिसकी पूछताछ के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर मुख्य आरोपी तक पुलिस पहुंचने में सफल रही। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन के निर्देशन में चल रही जांच के तहत थाना बरवाला पुलिस ने मामले में लगातार कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की। मामले की जांच कर रही सब-इंस्पेक्टर रचना ने बताया कि 7 जुलाई 2026 को पीड़िता के बयान के आधार पर थाना बरवाला में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं पोक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। रिमांड पर ली गई महिला आरोपी से पूछताछ मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सबसे पहले पीड़िता की मुंहबोली रिश्तेदार, गांव राजली निवासी एक महिला को गिरफ्तार किया था। आरोपी महिला को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया, जहां उससे मामले के विभिन्न पहलुओं पर गहन पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान मिले सुरागों और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी सतीश निवासी गांव पघांल, जिला हिसार को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच अभी जारी है। जांच के दौरान जुटाए जा रहे साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ा जा रहा है। यदि विवेचना में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Source link
बरवाला पुलिस ने अरेस्ट किया रेप का मुख्य आरोपी:एक महिला पहले ही पकड़ी जा चुकी, पूछताछ के बाद नाम आया सामने
