पलवल के जिला नागरिक अस्पताल में एक गर्भवती महिला का ऑपरेशन मोबाइल टॉर्च की रोशनी में किया गया। गुरुवार की रात ऑपरेशन के दौरान थिएटर की बिजली गुल हो गई और वैकल्पिक व्यवस्थाएं भी विफल रहीं। चिकित्सकों को मोबाइल की टॉर्च जलाकर ऑपरेशन पूरा करना पड़ा, जिससे मरीज की जान को खतरा हो सकता था। यह घटना गुरुवार रात करीब 10 बजे हुई, जब एक गर्भवती महिला का ऑपरेशन चल रहा था। बिजली गुल होने और बैटरी बैकअप सिस्टम काम न करने के कारण डॉक्टरों को मोबाइल टॉर्च की रोशनी में ही ऑपरेशन पूरा करना पड़ा। अस्पताल में रोजाना आते हैं 2-3 हजार मरीज जिला नागरिक अस्पताल में प्रतिदिन 2 से 3 हजार मरीज इलाज के लिए आते हैं और हर महीने 25 से 30 ऑपरेशन होते हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए वर्ष 2024 में इसे 100 से 200 बेड का किया गया था, लेकिन अस्पताल में सुविधाओं और विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी बनी हुई है। अस्पताल की बिजली हॉटलाइन से जुड़ी होने के बावजूद लगातार गुल हो रही है। जनरेटर और इन्वर्टर जैसी वैकल्पिक व्यवस्थाएं भी अक्सर विफल साबित हो रही हैं, जिससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मामले की जांच कराई जा रही : उप सिविल सर्जन इस संबंध में उप सिविल सर्जन डॉ. संजय सिंह ने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन थिएटर में बिजली कैसे गुल हुई, इसकी जांच की जाएगी।
Source link
