बरनाला जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत टल्लेवाल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से करीब 200 नशीली गोलियां बरामद की हैं। यह कार्रवाई बरनाला के टल्लेवाल गांव में की गई। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। थाना टल्लेवाल के एसएचओ सरबजीत सिंह रंगिया ने बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। रिमांड के दौरान उनसे गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशीली गोलियां कहां से लाई गई थीं और किन-किन इलाकों में इनकी सप्लाई की जानी थी। एसएचओ ने कहा कि पुलिस इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। SHO बोले- नशा बेचने वालों की जानकारी मिले तो पुलिस को बताएं उन्होंने आम जनता से अपील की कि यदि किसी को अपने आसपास नशा बेचने वालों या समाज विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों की जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले का नाम और पता गोपनीय रखा जाएगा। उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि इलाके में किसी भी नशा तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा। नशे के कारोबार में शामिल पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारी ने गांवों की पंचायतों, सामाजिक संस्थाओं और आम लोगों से भी सहयोग की अपील की, ताकि नशे जैसी गंभीर समस्या को जड़ से खत्म किया जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि जो व्यक्ति अपनी मर्जी से नशा छोड़ना चाहता है, वह पुलिस प्रशासन से संपर्क कर सकता है। प्रशासन की ओर से ऐसे लोगों को नशा छुड़ाने और नई जिंदगी शुरू करने में हर संभव मदद दी जाएगी, ताकि किसी भी परिवार की कीमती जान बचाई जा सके।
Source link
बरनाला में दो नशा तस्कर गिरफ्तार:200 नशीली गोलियां बरामद, SHO बोले- नशा बेचने वालों की सूचना दें, नहीं बख्शेंगे
