अबोहर के इन्द्रा नगरी क्षेत्र में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना नंबर-1 पुलिस ने एक महिला को 12 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। इसी दौरान, नशे की हालत में घूम रहे दो युवकों को भी हिरासत में लिया गया, जिन्होंने कथित तौर पर इसी महिला से चिट्टा खरीदने की बात स्वीकार की है। थाना प्रभारी मनिंदर सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात एएसआई अमनदीप सिंह और हवलदार हर्ष कुमार पुलिस टीम के साथ फाजिल्का चुंगी क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इस दौरान एक महिला पुलिस को देखकर घबरा गई और हाथ में पकड़ा लिफाफा फेंककर भागने का प्रयास करने लगी। पुलिस ने तुरंत उसे काबू कर लिया। तलाशी लेने पर फेंके गए लिफाफे से 12 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार महिला की हुई पहचान गिरफ्तार महिला की पहचान इन्द्रा नगरी गली नंबर-6 निवासी सुनीता पत्नी रणजीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, उसी रात गश्त के दौरान दो युवकों को नशे की हालत में संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते हुए पकड़ा गया। इनकी पहचान आर्य नगरी निवासी भरत पुत्र महेन्द्र और इन्द्रा नगरी निवासी वीरु पुत्र कालूराम के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्होंने सुनीता से 300 रुपये प्रति ग्राम के हिसाब से चिट्टा खरीदा था। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों युवकों के खिलाफ भी आवारागर्दी के आरोप में कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार महिला सुनीता को पुलिस रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की जाएगी, ताकि यह पता चल सके कि वह नशीला पदार्थ कहां से लाती थी और इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस को इस मामले में और अहम खुलासे होने की उम्मीद है।
Source link
अबोहर में महिला 12 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार:पुलिस को देखकर फेंका लिफाफा, दो युवकों ने उसी से चिट्टा खरीदने की बात कबूली
