Related Posts

फरीदाबाद में बीच-बचाव में लगा चाकू, युवक की मौत:दोस्तों के साथ ढाबे पर पराठे खाने गया, पहले से मौजूद लड़के से हुई कहासुनी




फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक युवक की बीच-बचाव के दौरान चाकू लगने से मौत हो गई। यह घटना सेहतपुर के नए पुल के पास सरस्वती कॉलोनी मोड़ स्थित एक ढाबे पर हुई, जहां तीन दोस्त देर रात पराठा खाने के लिए पहुंचे थे। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, दिल्ली के मोडबंद इलाका निवासी दीपक अपने दो दोस्त राहुल और राजकुमार के साथ बुधवार रात करीब 12 बजे ढाबे पर पराठा खाने गया था। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद एक युवक से किसी बात को लेकर राजकुमार की कहासुनी हो गई। चाकू उठाकर पेट पर वार किया देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी युवक ने ढाबे से चाकू उठाकर राजकुमार के पेट में वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। राजकुमार को घायल देखकर राहुल का भी आरोपी से विवाद हो गया। इसी बीच दीपक अपने दोनों दोस्तों को छुड़ाने के लिए आगे बढ़ा। आरोप है कि आरोपी ने दीपक की गर्दन के नीचे भी चाकू मार दिया। चाकू लगने से दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया। ऑटो चलाकर करता भा परिवार का पोषण घटना के बाद राहुल और राजकुमार घायल दीपक को तुरंत एक निजी नर्सिंग होम लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोट लगने के कारण इलाज के दौरान दीपक की मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी जुटाई। मृतक के दोस्त संजीव ने बताया कि दीपक की उम्र 28 वर्ष थी और वह ऑटो चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। वह अविवाहित था और दिल्ली के मोडबंद इलाके में रहता था। उसका परिवार मूल रूप से उत्तराखंड के बागेश्वर का रहने वाला है। आरोपी को पहले से नहीं जानते थे तीनों दोस्त परिवार में उसके चार भाई हैं। संजीव ने बताया कि दीपक, राहुल और राजकुमार तीनों आरोपी युवक को पहले से नहीं जानते थे। किस बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, इसकी जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है। दीपक केवल अपने दोस्तों का झगड़ा छुड़ाने गया था, लेकिन इसी दौरान उसे चाकू लग गया और उसकी जान चली गई। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें