Related Posts

फरीदाबाद में एक्सीडेंट में दो की मौत, 2 घायल:कंपनी से वापस लौट रहा था सुपरवाइजर, दोस्तों के साथ घूम रहा 12वीं का स्टूडेंट




फरीदाबाद शहर में अलग-अलग स्थानों पर हुए दो दर्दनाक सड़क हादसों में एक कंपनी के सुपरवाइजर और 12वीं कक्षा के छात्र की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिसे बेहतर उपचार के लिए दिल्ली रेफर किया गया है। पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पहली घटना आईएमटी क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे की सर्विस लेन पर 30 अप्रैल की रात करीब 12 बजे हुई। जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के एटा जिले का रहने वाला 28 वर्षीय जसवंत आईएमटी एरिया की एक कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर काम करता था और झाड़सेतली में किराए के कमरे में रहता था। तेज रफ्तार कार ने मारी बाइक को टक्कर गुरुवार देर रात वह ड्यूटी खत्म कर बाइक से अपने कमरे की ओर लौट रहा था। जैसे ही वह आईएमटी क्षेत्र से बाहर निकलकर एक्सप्रेस-वे की सर्विस लेन पर पहुंचा, तभी पीछे से तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि जसवंत सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार ड्राइवर मौके से फरार हो गया। वहां से गुजर रहे लोगों ने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल जसवंत को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता पोप सिंह को शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे घटना की सूचना दी गई। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। वर्ल्ड स्ट्रीट से घूमकर घर लौट रहे थे 3 युवक वहीं, दूसरी घटना दिल्ली-मथुरा नेशनल हाईवे पर मैगपाई के पास हुई। यहां तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर देर रात वर्ल्ड स्ट्रीट से घूमकर घर लौट रहे थे। जैसे ही वे मैगपाई के पास हाईवे पर रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में बाइक चला रहे राजीव कॉलोनी निवासी 12वीं कक्षा के छात्र केशव उर्फ मोनू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दोस्त विपिन और दीपक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की हालत बनी है चिंताजनक सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में से एक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। जांच अधिकारी एसडी यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था। मौके पर उनके पास कोई पहचान पत्र भी नहीं मिला, जिसके कारण पहचान करने में पुलिस को काफी परेशानी हुई। बाद में स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उनकी पहचान हो सकी। फिलहाल पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें