यमुनानगर जिले के थाना छप्पर क्षेत्र के गांव गधौला में महिंद्रो देवी की हत्या के मामले में नए खुलासे सामने आए हैं। हत्या के बाद आरोपी पति दर्शन लाल न केवल मामले को हादसा साबित करने की कोशिश कर रहा था, बल्कि बिना किसी को शक हुए अपनी पत्नी का अंतिम संस्कार करने की भी तैयारी कर चुका था। हालांकि समय रहते मृतका के मायके पक्ष के लोग गांव पहुंच गए, जिससे पूरे मामले का पर्दाफाश हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल जगाधरी भेज दिया था, जहां आज वीरवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। उधर घटना के बाद से आरोपी दर्शन लाल फरार चल रहा है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अंतिम संस्कार का सामान भी जुटा लिया था मामले में मृतका की गोद ली बेटी प्राची ने कई अहम खुलासे किए हैं। प्राची का कहना है कि यदि परिवार के लोग समय पर गांव नहीं पहुंचते, तो आरोपी दर्शन लाल महिंद्रो देवी का अंतिम संस्कार कर देता और मामला सामान्य मौत या हादसे के रूप में दब सकता था। प्राची ने बताया कि बुधवार सुबह दर्शन लाल ने रिश्तेदारों और महिंद्रो देवी के मायके वालों को फोन कर कहा था कि महिंद्रो देवी घर में फिसलकर पानी की टंकी में गिर गई थी, जिससे उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर वह अपने परिजनों के साथ गांव गधौला पहुंची। गांव पहुंचने पर उन्होंने देखा कि महिंद्रो देवी का शव घर के बरामदे में रखा हुआ था। वहीं दर्शन लाल अंतिम संस्कार की तैयारी में लगा हुआ था। उसने संस्कार से संबंधित सामान भी एकत्रित कर लिया था। परिजनों को शुरुआत में मौत की सूचना हादसे के रूप में दी गई थी, लेकिन जब उन्होंने शव को ध्यान से देखा तो मामला संदिग्ध लगने लगा। चुन्नी से गला दबाया, फिर खेत में फेंक दी प्राची के अनुसार जब उन्होंने शव की जांच की, तो महिंद्रो देवी के गले पर गला दबाने जैसे स्पष्ट निशान दिखाई दिए। इसके अलावा उनके बाएं कान से खून भी निकल रहा था। यह देखकर परिजनों को हत्या की आशंका हुई। इसके बाद अन्य रिश्तेदारों को बुलाया गया और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना छप्पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। प्राची ने आरोप लगाया कि उसकी मासी महिंद्रो देवी की हत्या चुन्नी से गला दबाकर की गई। उसका कहना है कि वारदात के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश की और जिस चुन्नी का इस्तेमाल किया गया था, उसे खेत में फेंक दिया। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है और घटनास्थल के आसपास सबूत तलाशे जा रहे हैं। रिश्तों और विवादों की उलझी कहानी जांच के दौरान परिवार की ओर से महिंद्रो देवी के अतीत को लेकर भी जानकारी सामने आई है। प्राची ने बताया कि जिस तरह उसके मासड़ दर्शन लाल की यह दूसरी शादी थी, उसी प्रकार महिंद्रो देवी भी पहले विवाह कर चुकी थी। करीब 35 वर्ष पहले उन्होंने अपने पहले पति को छोड़ दिया था। इसके बाद वह कुछ समय तक अपने मायके गांव मनकी, जिला अंबाला में रहीं। बाद में परिवार ने उनकी शादी गांव गधौला निवासी दर्शन लाल के साथ कर दी थी। छह माह की उम्र में गोद लिया था दर्शन लाल और महिंद्रो देवी की कोई संतान नहीं थी। ऐसे में महिंद्रो देवी ने अपनी बहन की बेटी प्राची को गोद ले लिया था। प्राची के अनुसार जब उसे गोद लिया गया था तब वह मात्र छह माह की थी। उसका पालन-पोषण महिंद्रो देवी ने ही किया था और वह उन्हें अपनी मां की तरह मानती थी। प्राची ने बताया कि बचपन से ही उसने घर में मासी और मासड़ के बीच विवाद होते देखे हैं। दोनों के बीच अक्सर कहासुनी और झगड़े होते रहते थे। कई बार विवाद इतना बढ़ जाता था कि घर का माहौल तनावपूर्ण हो जाता था। उसने आरोप लगाया कि दर्शन लाल शराब का सेवन करता था और नशे की हालत में महिंद्रो देवी के साथ मारपीट भी करता था। विवादों के कारण महिंद्रो देवी एक बार अपने पति को छोड़कर मायके चली गई थीं। उस समय मामला कोर्ट तक पहुंच गया था। हालांकि बाद में समझौता होने पर वह वर्ष 2025 में दोबारा अपने पति के पास लौट आई थीं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी जांच पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। आज शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि होगी। थाना छप्पर प्रभारी अजय ने बताया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गिरफ्तारी के बाद हत्या के पीछे की असली वजह और वारदात से जुड़े कई अन्य तथ्य भी सामने आ सकेंगे।
Source link
पत्नी की हत्या कर अंतिम संस्कार की थी तैयारी:यमुनानगर में आरोपी पति फरार; गोद ली बेटी बोलीं- गला दबाकर खेत में फेंकी चुन्नी
