हरियाणा के नारनौल के गांव सिहमा में घर से करीब 8-9 तोला सोना चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने घर में रंग-रोगन का काम करने आए तीन मजदूरों पर चोरी का शक जताते हुए पुलिस में शिकायत दी है। शिकायत के आधार पर सदर थाना नारनौल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव सिहमा निवासी बृहमानन्द ने फैजाबाद पुलिस चौकी में दी शिकायत में बताया कि उसके घर में रंग-पेंट का काम चल रहा था। यह कार्य गांव खासपुर निवासी मंजीत पुत्र रामकुमार, मोनू पुत्र रमेश और लखन पुत्र रमेश कर रहे थे। मजदूरों ने रखते देखा शिकायतकर्ता के अनुसार 4 जून 2026 को उसकी पत्नी ने इन तीनों के सामने संदूक में सोने के गहने रखे थे। घर में सामान एक कमरे से दूसरे कमरे में शिफ्ट किया जा रहा था, जिसके दौरान उक्त मजदूरों ने गहनों को देखा था। बाद में अब जब परिवार ने गहनों की जांच की तो वे गायब मिले। कई बार किए तलाश पीड़ित ने बताया कि काफी तलाश के बावजूद गहने नहीं मिले। पूरे घर का सामान बाहर निकालकर भी जांच की गई, लेकिन केवल वे दो पॉलीथीन ही गायब मिलीं जिनमें गहने रखे हुए थे। शिकायत के अनुसार चोरी हुए गहनों में करीब दो तोले की सोने की चेन, पुरुषों की तीन अंगूठियां, महिलाओं की एक जोड़ी अंगूठियां, एक जोड़ी टॉप्स, एक जोड़ी झुमकी, एक नोज पिन तथा दो लौंग शामिल हैं। कुल मिलाकर करीब 8 से 9 तोला सोना चोरी होने का दावा किया गया है। तीनों व्यक्तियों पर शक बृहमानन्द ने शिकायत में बताया कि रंगाई का कार्य करने वाले तीनों व्यक्ति दो दिनों तक उसी कमरे में दोपहर के समय खाना खाते और आराम करते थे, जहां गहने रखे गए थे। इसी आधार पर उसने तीनों पर चोरी का संदेह जताया है। पुलिस ने की जांच फैजाबाद पुलिस चौकी में शिकायत मिलने के बाद एएसआई रामभज ने मामले की जांच की। प्रथम दृष्टया चोरी की वारदात पाए जाने पर सदर थाना नारनौल में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ए) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
Source link
