![]()
फरीदाबाद के एफआईटी सेक्टर-57 स्थित एक किराए के फ्लैट में 25 वर्षीय युवक का शव 4 दिन तक पड़ा रहने से इलाके में सनसनी फैल गई। सोमवार दोपहर फ्लैट से तेज दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सेक्टर-58 थाना पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो युवक का शव अंदर पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भिजवा दिया। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। मृतक की पहचान प्रदीप (25) निवासी बेहेराबाद, जिला अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह पिछले 4 वर्षों से फरीदाबाद की एक निजी कंपनी में नौकरी कर रहा था। उसने मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा किया था और एफआईटी सेक्टर-57 स्थित एक फ्लैट में किराए पर रहता था। बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी पुलिस जांच में सामने आया कि प्रदीप के साथ उसी फ्लैट में अमित नाम का युवक भी रहता था, जो इलाहाबाद का निवासी है। 24 जून को अमित के चाचा का निधन होने के कारण वह अपने घर चला गया था। इसके बाद 26 जून को प्रदीप ड्यूटी से लौटकर फ्लैट पर आया, लेकिन उसके बाद वह फ्लैट से बाहर नहीं निकला। सोमवार को फ्लैट से बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो प्रदीप का शव बरामद हुआ। मृतक के शरीर पर चोट निशान नहीं मिले प्रारंभिक जांच में शव करीब 4 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पुलिस के अनुसार मृतक के शरीर पर किसी भी प्रकार की चोट के निशान नहीं मिले हैं। जिस फ्लैट में प्रदीप रह रहा था, वह दिल्ली पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर का बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सेक्टर 58 थाना प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो पाएंगे। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
फरीदाबाद के किराए के फ्लैट में मिला युवक का शव:4 दिन पुरानी डेडबॉडी, बदबू आने पर खुलासा; यूपी का रहने वाला था







