![]()
नूंह जिले के रोजका मेव थाना क्षेत्र के गांव आटा-बरोटा में एक 20 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। मृतक के परिजनों और बड़ी संख्या में महिलाओं ने सड़क पर धरना देकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। जानकारी के अनुसार, गांव आटा निवासी जितेंद्र (20) पुत्र सुखबीर ने 28 जून को कथित तौर पर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। उसकी हालत बिगड़ने पर उसे सोहना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। प्रेम प्रसंग की बातें सामने आई युवक की मौत के बाद गांव में विभिन्न तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। ग्रामीणों के अनुसार, मृतक की पड़ोस की एक शादीशुदा महिला से दोस्ती थी, जिसके चलते प्रेम प्रसंग की बातें सामने आ रही हैं। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभी तक किसी भी पहलू की पुष्टि नहीं हुई है और मामले की हर कोण से जांच की जा रही है। महिलाओं ने धरना देकर न्याय की मांग की जितेंद्र की मौत से आक्रोशित परिजनों और महिलाओं ने सड़क पर धरना दिया और न्याय की मांग की। इस धरने के कारण कुछ समय के लिए क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। दोनों पक्षों के बीच किसी भी संभावित विवाद को रोकने के लिए रोजका मेव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में रखा। मामले की जांच कर रही पुलिस रोजका मेव थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। उन्होंने आश्वस्त किया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि इस संबंध में अभी तक पुलिस को कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
Source link
नूंह में युवक ने जहरीला पदार्थ निगला, मौत:महिला से प्रेम प्रसंग की चर्चा, परिजनों ने प्रदर्शन कर की कार्रवाई की मांग







