पानीपत की सीआईए थ्री (CIA-3) टीम ने कुटानी रोड पर गश्त के दौरान एक युवक को अवैध देसी पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी पहले भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है और वर्तमान में जमानत पर बाहर था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना किला में मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। गुप्त सूचना पर पावर हाउस के पास की नाकाबंदी सीआईए थ्री प्रभारी इंस्पेक्टर विजय ने बताया कि शुक्रवार शाम पुलिस की एक टीम कुटानी रोड पर वर्मा चौक के पास गश्त पर थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि कुटानी गांव की ओर से एक युवक पैदल आ रहा है, जिसके पास अवैध हथियार हो सकता है। सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस टीम ने पावर हाउस के पास नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद जब युवक वहां पहुंचा और सामने पुलिस को देखा, तो वह घबराकर पीछे मुड़कर भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे घेराबंदी कर दबोच लिया। जांच में जेब से बरामद हुई पिस्तौल पकड़े गए युवक की पहचान मोहन उर्फ शिव पुत्र निवासी विजय नगर हाल निवासी दीनानाथ कॉलोनी के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसकी पैंट की जेब से एक अवैध देसी पिस्तौल बरामद हुई। जांच करने पर पिस्तौल अनलोड पाई गई। पुलिस ने मौके पर ही हथियार को कब्जे में ले लिया। शामली से खरीदा था हथियार, रंजिश का दिया हवाला पूछताछ के दौरान आरोपी मोहन ने बताया कि उसकी जाव और इंद्रा कॉलोनी के दो युवकों के साथ पुरानी रंजिश चल रही है। इसी रंजिश के कारण उसे अपनी जान का खतरा था, जिसके चलते वह करीब 6 महीने पहले उत्तर प्रदेश के शामली से एक अज्ञात व्यक्ति से मात्र 3 हजार रुपए में यह देसी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस खरीदकर लाया था। उसने बताया कि कारतूस उसने पिस्तौल चेक करने के लिए चला दिया था, तब से वह खाली पिस्तौल को ही अपने साथ लेकर चल रहा था। NDPS मामलों में जमानत पर था आरोपी इंस्पेक्टर विजय ने जानकारी दी कि मोहन का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। उसके खिलाफ पहले से ही नशीले पदार्थों की तस्करी के दो मामले दर्ज हैं। वह इन मामलों में फिलहाल कोर्ट से जमानत पर बाहर आया हुआ था, लेकिन बाहर आते ही फिर से अवैध हथियार के साथ पकड़ा गया।
Source link
पानीपत में अवैध पिस्तौल संग युवक गिरफ्तार:शामली से ₹3 हजार में लाया था पिस्तौल, रंजिश के चलते खरीदा था हथियार
