Related Posts

पठानकोट के मोहल्ला घरथौली में 3 दिन से बिजली गुल:पेयजल संकट से बेहाल लोगों का प्रदर्शन; SDO बोले स्टाफ की कमी से देरी




शहर के घरथौली मोहल्ले में भीषण गर्मी के बीच पिछले तीन दिनों से बिजली आपूर्ति ठप रहने के कारण स्थानीय निवासियों का पारा चढ़ गया। बिजली न होने से पूरे इलाके में पेयजल का संकट भी गहरा गया, जिससे नाराज मोहल्ला वासियों ने बीती रात पंजाब सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन किया। लोगों के अनुसार, मोहल्ले की बिजली आपूर्ति सोमवार रात करीब 11 बजे अचानक ठप हो गई थी। मंगलवार को कुछ घंटों के लिए बिजली बहाल तो की गई, लेकिन मंगलवार रात को बिजली फिर से गुल हो गई। इसके बाद लगातार तीन दिनों तक लोग अंधेरे और गर्मी में रहने को मजबूर रहे। बिजली की पूर्ण बहाली आखिरकार संभव नहीं हो सकी। पेयजल संकट ने बढ़ाई मुश्किलें
लगातार बिजली गुल रहने का सीधा असर इलाके की जल आपूर्ति पर पड़ा। मोहल्ला निवासियों ने बताया कि घरों में पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई, जिससे लोगों को पीने के पानी के लिए दूर-दराज के अन्य स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ा। बार-बार शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
मोहल्ला निवासी विक्की, सोनू और गौरव ने बताया कि बिजली गुल होने के तुरंत बाद उन्होंने और अन्य निवासियों ने बिजली विभाग में कई बार ऑनलाइन और लिखित शिकायतें दर्ज कराई थीं। इसके बावजूद विभाग की ओर से लंबे समय तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। समस्या के समाधान में हो रही इसी देरी से तंग आकर लोगों का आक्रोश बढ़ गया और वे सड़कों पर उतरने को मजबूर हो गए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि चुनाव के समय राजनीतिक दल जनता से बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव जीतने के बाद आम जनता की बुनियादी समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जाता। विभाग को इस समस्या का स्थायी समाधान निकालना चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा पैदा न हो। स्टाफ की कमी के कारण लगी देरी: एसडीओ
इस पूरे मामले को लेकर जब बिजली विभाग के एसडीओ केवल कृष्ण से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि क्षेत्र में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसके कारण मरम्मत का कार्य चल रहा था। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि विभाग में स्टाफ की कमी होने के चलते कार्य को पूरा करने में अपेक्षा से अधिक समय लगा। एसडीओ ने कहा कि विभाग की टीमें लगातार मौके पर काम कर रही थीं और मरम्मत का काम पूरा होते ही बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से बहाल कर दी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में उपभोक्ताओं को इस तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े, इसके लिए उचित प्रयास किए जाएंगे।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें