लुधियाना के जस्सियां रोड स्थित एक गली में खड़ी थार गाड़ी को निशाना बनाकर बदमाशों ने लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। आरोपियों ने गाड़ी का पिछला शीशा कथित तौर पर किसी केमिकल की मदद से तोड़ा और लैपटॉप समेत अन्य महंगा सामान लेकर फरार हो गए। शीशा टूटने की आवाज तक इलाके में किसी को नहीं आई। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घर के बाहर खड़ी थी थार,3.30 पर आए चोर पीड़ित मनवीर, जो ईंट बनाने वाली मशीनों का कारोबार करते हैं। उन्होंने बताया कि रोजाना की तरह उन्होंने रात को अपनी थार घर के बाहर पार्क की थी। जल्दबाजी में उनका लैपटॉप और अन्य कीमती सामान से भरा बैग गाड़ी में ही रह गया। मनवीर के अनुसार वीरवार रात करीब 3:30 बजे दो संदिग्ध युवक गली में पहुंचे। उनके हाथों में टॉर्च थी। दोनों ने पहले गली में खड़ी अन्य गाड़ियों की रेकी की और फिर थार को निशाना बनाया। बदमाशों ने किसी केमिकल की मदद से गाड़ी का पिछला शीशा तोड़ दिया, जिससे कोई आवाज नहीं हुई। सिक्योरिटी सायरन बजने पर भागे जैसे ही आरोपियों ने गाड़ी का पिछला दरवाजा खोला, वाहन का सिक्योरिटी सायरन बजने लगा। सायरन बजने के बावजूद चोर घबराए जरूर, लेकिन जल्दबाजी में डेढ़ लाख रुपये कीमत का लैपटॉप, करीब 53 हजार रुपये के मेटा स्मार्ट ग्लासेज, गिम्बल, ट्राइपॉड, माइक और अन्य सामान लेकर फरार हो गए। मौके पर देखा तो गाड़ी के पास एक कैमीकल गिर था। 20 से 25 बार पुलिस कंट्रोल पर किया फोन घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। मनवीर ने बताया कि सायरन की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। इसके बाद करीब 20 से 25 बार पुलिस कंट्रोल रूम पर फोन किया गया, लेकिन काफी देर तक किसी ने कॉल रिसीव नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि काफी मशक्कत के बाद पीसीआर कर्मचारी मौके पर पहुंचे। पीड़ित का कहना है कि पुलिस ने मदद करने की बजाय उनसे सवाल किया कि उन्होंने गाड़ी में बैग क्यों छोड़ा था। इस प्रतिक्रिया से निराश होकर उन्होंने पुलिस चौकी में औपचारिक शिकायत भी दर्ज नहीं करवाई। मनवीर ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले उनकी फैक्ट्री में भी चोरी हो चुकी है, जहां से दो लैपटॉप चोरी हुए थे। उस मामले में पुलिस को शिकायत दी गई थी, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
Source link
