![]()
हरियाणा के नूंह जिले में रैपिडो ड्राइवरों के माध्यम से साइबर ठगी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान गांव घासेड़ा के माजिद पुत्र तैयब के रूप में हुई है। उसे कोर्ट में पेश कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया है। पुलिस को 16 अप्रैल को अड़बर चौक क्षेत्र में गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली थी। इसमें बताया गया कि माजिद नामक युवक अपनी पहचान छिपाकर रैपिडो ड्राइवरों के साथ मिलकर साइबर धोखाधड़ी करता है और नूंह टी-पॉइंट पर सवारी के बहाने खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। आरोपी के फोन से मिले डिजिटल साक्ष्य आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ। मोबाइल की जांच में कई डिजिटल साक्ष्य मिले। फोन की गैलरी में क्यूआर कोड की दर्जनों तस्वीरें थी, जिनका उपयोग ठगी के लिए किया जा रहा था। इसके अलावा वॉट्सएप और बिजनेस अकाउंट्स में संदिग्ध चैटिंग भी पाई गई, जो ठगी के नेटवर्क के सक्रिय होने का संकेत देती है। नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस मोबाइल में कई ऑनलाइन गेमिंग एप भी लॉग-इन मिले। इनका उपयोग कथित तौर पर लोगों को झांसे में लेकर पैसे ठगने के लिए किया जा रहा था। साइबर पोर्टल पर जांच से पता चला कि आरोपी के मोबाइल नंबर के खिलाफ महाराष्ट्र और झारखंड में साइबर ठगी के दो मामले पहले से दर्ज हैं। इन मामलों में हजारों रुपए की धोखाधड़ी की शिकायतें शामिल हैं। फिलहाल, आरोपी न्यायिक हिरासत में है और उससे जुड़े अन्य लोगों तथा पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।
Source link
नूंह में रैपिडो ड्राइवरों संग मिलकर धोखाधड़ी करने वाला गिरफ्तार:पुलिस को देख भागने की कोशिश; मोबाइल में मिले डिजिटल साक्ष्य







