Related Posts

नूंह में फांसी पर लटका मिला विवाहिता का शव:22 दिन पहले दिया बच्चे को जन्म, पिता बोले- बेटी से मारपीट की गई, प्रताड़ित किया




नूंह जिले के अलावलपुर गांव में 21 वर्षीय विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला है। मृतका ने 22 दिन पहले ही एक बच्चे को जन्म दिया था। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान अलावलपुर निवासी सुहाना पत्नी शौकीन के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही जयसिंहपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पिता ने लगाया हत्या करने का आरोप मामले ने उस समय गंभीर मोड़ ले लिया जब मृतका के पिता अकबर निवासी डूंगेजा ने पुलिस को शिकायत दी। उन्होंने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है। शिकायत में कहा गया है कि शादी के बाद से ही सुहाना को अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। पिता का आरोप है कि घटना से एक दिन पहले भी उसकी बेटी के साथ मारपीट की गई थी। मंगलवार की शाम ससुराल पक्ष के लोगों ने उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया। परिजनों ने की आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग 22 दिन के मासूम बच्चे के सिर से मां का साया उठने से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजन आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। जांच अधिकारी शमीम ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। फोरेंसिक टीम और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। चौकी जयसिंहपुर प्रभारी सूबे सिंह का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा। पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच में जुटी है।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें