Related Posts

मानेसर नगर निगम ने ध्वस्त कराए अवैध निर्माण:नेशनल हाईवे की सर्विस लेन पर 24 कब्जे हटाए, 4 किलोमीटर में चला अभियान




गुरुग्राम जिले में सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने और राष्ट्रीय राजमार्ग-48 की सर्विस लेन पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के उद्देश्य से नगर निगम मानेसर ने बुधवार को एक अभियान चलाया। अभियान के दौरान नगर निगम की टीम ने आईएमटी चौक से पंचगांव चौक तक हाईवे के दोनों ओर करीब 4 किलोमीटर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो दर्जन से अधिक अस्थायी और स्थायी अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया यह अभियान ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं जीएमडीए के डीटीपी आरएस बाठ के नेतृत्व में चलाया गया। इस दौरान नगर निगम मानेसर के डीटीपी राजेंद्र शर्मा, एसडीओ शशिकांत, विकास शर्मा, जेई देवेंद्र कुमार, जयवीर यादव सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आईएमटी थाना पुलिस भी मौके पर तैनात रही। निगम अधिकारियों के अनुसार, सर्विस लेन पर लंबे समय से किए गए अवैध कब्जों के कारण यातायात प्रभावित हो रहा था। कई स्थानों पर सड़क की चौड़ाई कम होने से वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। अभियान के दौरान जेसीबी मशीनों की मदद से सड़क किनारे बने अवैध होटल, ढाबे, दुकानें, टीन शेड, झुग्गियां और अन्य निर्माण हटाए गए। नगर निगम आयुक्त ने दी चेतावनी- अवैध कब्जे सहन नहीं नगर निगम आयुक्त प्रदीप सिंह ने कहा कि सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से सरकारी भूमि, सड़क, फुटपाथ और सर्विस लेन पर अवैध कब्जा न करने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि भविष्य में भी ऐसे कब्जों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए आगे भी विशेष अभियान चलाए जाएंगे।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें