बहादुरगढ़ के गांव बामनौली में एक बार फिर प्लास्टिक स्क्रैप के गोदाम में आग लगने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आग के बाद उठे काले धुएं ने आसपास के क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाएं अब आम हो चुकी हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाल पाया है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव और उसके आसपास लंबे समय से प्रतिबंधित एवं अवैध प्लास्टिक स्क्रैप का कारोबार चल रहा है। कई स्थानों पर बड़े-बड़े गोदाम संचालित हो रहे हैं, जिनमें बार-बार आग लगने की घटनाएं सामने आती रही हैं। इसके बावजूद प्रभावी कार्रवाई के बजाय केवल औपचारिकताएं पूरी की जाती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की ओर से कागजों में धारा-163 लागू कर कार्रवाई का दावा किया जाता है, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात जस के तस बने हुए हैं। आग लगने के बाद निकलने वाला जहरीला धुआं बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों के लिए गंभीर खतरा बन जाता है। ग्रामीणों को कई घंटों तक प्रदूषित हवा में सांस लेने को मजबूर होना पड़ता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध प्लास्टिक स्क्रैप गोदामों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही ऐसे कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाकर क्षेत्र को प्रदूषण मुक्त बनाया जाए, ताकि लोगों को बार-बार इस समस्या से दो-चार न होना पड़े। क्या कहते हैं ग्रामीण ग्रामीणों का कहना है कि बामनौली का बच्चा-बच्चा जानता है कि गांव के आसपास अवैध प्लास्टिक स्क्रैप के गोदाम मौजूद हैं। जब भी आग लगती है तो पूरा गांव धुएं की चपेट में आ जाता है, लेकिन जिम्मेदार विभाग हर बार आंखें मूंद लेता है।”
Source link
बहादुरगढ़ का बामनौली गांव फिर धुएं की चादर में:प्लास्टिक स्क्रैप गोदाम में आग, जहरीले धुएं से लोग परेशान, अवैध स्क्रैप कारोबार के खिलाफ कार्यवाही की मांग
