Related Posts

डबवाली में पंचायत सदस्य पर घर में घुसकर हमला:तलवार, लोहे के पाइप लेकर पहुंचे हमलावर, गांव में नशा बेचने का किया था विरोध




सिरसा जिले में डबवाली के गांव अलीकां में नशा मुक्ति अभियान चलाने पर एक पंचायत सदस्य पर जानलेवा हमला किया गया। आरोप है कि नशा बेचने का विरोध करने से नाराज तीन युवकों ने उनके घर में घुसकर तलवार, लोहे के पाइप और डंडों से हमला किया। हमले में पंचायत सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें डबवाली से सिरसा रेफर किया गया है। पंचायत सदस्य गुरमीत सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 18 जुलाई को गांव में नशा मुक्ति पंचायत का आयोजन किया गया था। इस पंचायत में युवाओं और नशा करने वाले लोगों को जागरूक कर नशा छोड़ने तथा गांव में नशा बेचने वालों का विरोध करने का निर्णय लिया गया था। बाइक पर सवार होकर पहुंचे 3 युवक गुरमीत सिंह के अनुसार, 20 जुलाई की सुबह करीब 8 बजे जब वे अपने घर पर काम कर रहे थे, तभी गांव के कुलदीप, अंशश और आकाशदीप बाइक पर सवार होकर उनके घर में घुस आए। आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें धमकाते हुए कहा कि, तुम रोकोगे गांव में नशा बेचने से?” और इसके बाद तलवार से उनके सिर पर वार कर दिया। बचाव करते वक्त तलवार उनके हाथ पर लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद आरोपियों ने लोहे के पाइप और डंडों से भी हमला किया। जान से मारने की धमकी देकर हुए फरार शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घायल गुरमीत सिंह को पहले नागरिक अस्पताल डबवाली ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सिरसा रेफर कर दिया गया। हमले में उनके हाथ और सिर पर कई टांके आए हैं। शहर थाना डबवाली पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी है।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें