फरीदाबाद क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने केजीपी (कुंडली-गाजियाबाद-पलवल) एक्सप्रेसवे पर कैन्टर चालक से मारपीट कर लूटपाट करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जान मोहम्मद, मोहम्मद बिलाल, मनव्वर (तीनों निवासी गांव देहरा, जिला हापुड़, उत्तर प्रदेश) तथा मोहम्मद तालिब (निवासी गांव नाहल, जिला गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने चारों आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। 10 जुलाई की रात हुई थी वारदात पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि नूंह जिला के गांव डेकली के रहने वाले कैन्टर चालक जान मोहम्मद उर्फ जानू ने बताया कि वह गुरुग्राम की एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में चालक है और 10 जुलाई 2026 की रात बेंगलुरु से सामान लेकर गाजियाबाद जा रहा था। नींद आने पर सड़क किनारे रोका था कैन्टर रात करीब 12:30 बजे मोजपुर टोल टैक्स के पास नींद आने पर उसने अपना कैन्टर सड़क किनारे खड़ा कर दिया। इसी दौरान एक सफेद रंग की एक्सेंट कार में सवार चार युवक वहां पहुंचे और कैन्टर की खिड़की खोलने का प्रयास करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने चालक को नीचे उतार लिया। एक आरोपी ने लोहे की कुंडी से उसके सिर पर हमला कर दिया, जबकि अन्य ने उसका मोबाइल फोन, बैग और कैन्टर में लगी एलसीडी स्क्रीन लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। अपराध शाखा ने ऐसे सुलझाया मामला शिकायत मिलने के बाद थाना छायंसा में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में कबूली लूट की साजिश पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लूटपाट की नीयत से एक्सेंट कार में केजीपी एक्सप्रेसवे पर घूम रहे थे। इसी दौरान उन्हें सड़क किनारे खड़ा कैन्टर दिखाई दिया, जिसके शीशे खुले थे। मौके का फायदा उठाकर उन्होंने चालक के साथ मारपीट की और उसका मोबाइल, बैग तथा एलसीडी स्क्रीन लूटकर फरार हो गए। पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात में प्रयुक्त एक्सेंट कार का मालिक मोहम्मद तालिब है और घटना के समय वही कार चला रहा था। पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मामले पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी है। मोहम्मद बिलाल, जान मोहम्मद और मनव्वर के खिलाफ दिल्ली और उत्तर प्रदेश में पहले से कई मामले दर्ज हैं। रिमांड के दौरान होगी बरामदगी की कोशिश फिलहाल पुलिस आरोपियों से रिमांड के दौरान पूछताछ कर रही है। पुलिस का प्रयास है कि लूटा गया सामान बरामद किया जाए और यह भी पता लगाया जाए कि आरोपियों ने इससे पहले ऐसी कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।
Source link
केजीपी एक्सप्रेसवे लूटकांड में चार बदमाश गिरफ्तार:कैन्टर चालक से मारपीट कर मोबाइल, बैग और एलसीडी लूटी, क्राइम ब्रांच सेक्टर 30 ने अरेस्ट किया
