Related Posts

शिमला का युवक चंडीगढ़ के होटल में मृत मिला:दोस्तों संग सामान खरीदने आया, सुबह कमरे में बेसुध मिला; चोट के निशान नहीं




हिमाचल प्रदेश के शिमला निवासी एक युवक की चंडीगढ़ में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक अपने 3 दोस्तों के साथ गाड़ियों की सर्विस का सामान खरीदने के लिए चंडीगढ़ आया था। रात को होटल में ठहरने के बाद मंगलवार सुबह वह कमरे में बेसुध मिला। साथियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस युवक को सेक्टर-32 स्थित सरकारी अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, शिमला के रझाना निवासी संदीप धीमान अपने तीन दोस्तों के साथ मनीमाजरा में गाड़ियों की सर्विस का सामान खरीदने आए थे। सोमवार रात करीब 11:30 बजे चारों ने गांव दड़वा स्थित एक होटल में कमरा बुक कराया और वहीं ठहर गए। जगाने की कोशिश की तो नहीं उठा मंगलवार सुबह संदीप के तीनों दोस्त तैयार होकर नहा चुके थे। इसके बाद उन्होंने संदीप को जगाने की कोशिश की, लेकिन वह कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहा था। उसे बेसुध हालत में देखकर दोस्तों के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और संदीप को तुरंत सेक्टर-32 के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया। शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले प्राथमिक जांच के दौरान पुलिस ने संदीप के शव की बारीकी से जांच की, लेकिन उसके शरीर पर मारपीट, चोट या किसी तरह के संघर्ष के कोई निशान नहीं मिले। इससे फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस का कहना है कि मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी। रिपोर्ट में यह साफ होगा कि मौत किसी बीमारी, जहरीले पदार्थ, हार्ट अटैक या किसी अन्य कारण से हुई है। हर पहलू से जांच कर रही पुलिस पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। होटल के कर्मचारियों और संदीप के साथ आए तीनों दोस्तों से पूछताछ की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि चंडीगढ़ आने के बाद चारों कहां-कहां गए, रात को होटल पहुंचने से पहले उन्होंने क्या किया और आखिरी बार संदीप को किस हालत में देखा गया था। इसके अलावा होटल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि मौत से पहले की पूरी गतिविधियों का पता लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें