![]()
यमुनानगर के रादौर क्षेत्र में ओवरलोड वाहन की जांच के दौरान ड्राइवर द्वारा सरकारी अधिकारियों की जान जोखिम में डालने का मामला सामने आया है। पब्लिक हेल्थ इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों ने आरोप लगाया कि ओवरलोड वाहन को पकड़कर पुलिस थाने ले जाते समय ड्राइवर ने वाहन लेकर भागने का प्रयास किया। इस दौरान उसने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को कुचलने की भी कोशिश की, जिसके बाद आरोपी ट्रक लेकर फरार हो गया। मामले में रादौर थाना पुलिस ने ड्राइवर और वाहन मालिक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारी थाने लेकर जा रहे थे ट्रक पुलिस को दी शिकायत में पब्लिक हेल्थ इंजीनियरिंग विभाग, सब डिवीजन रादौर के एसडीई रवि नायक ने बताया कि रादौर नाके पर एडीओ शुभम की निगरानी में नाका टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक ट्रक को रोका गया। जांच में वाहन निर्धारित क्षमता से काफी अधिक ओवरलोड मिला। शिकायत के अनुसार, वाहन के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के लिए उसे पुलिस थाना रादौर ले जाया जा रहा था। इस दौरान नाका टीम के पुलिसकर्मी बलराम सिंह और मोबाइल टीम के कर्मचारी भी साथ थे। रास्ते में ड्राइवर ने अचानक वाहन भगाने का प्रयास किया और तेज गति व लापरवाही से वाहन चलाते हुए ड्यूटी पर मौजूद अधिकारियों को टक्कर मारने एवं कुचलने की कोशिश की। जिसके बाद आरोपी ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। केस दर्ज कर तलाश में जुटी पुलिस विभाग का कहना है कि ड्राइवर की इस हरकत से सरकारी कर्मचारियों की जान को गंभीर खतरा पैदा हो गया। इसके बाद एसडीई रवि नायक ने रादौर थाना पुलिस को शिकायत देकर ड्राइवर और वाहन मालिक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। रादौरा थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने, जीवन को खतरे में डालना, सरकारी कर्मचारी को ड्यूटी से रोकने के लिए हमला और लोक सेवक पर हमला या आपराधिक बल का प्रयोग करने के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी की तलाश जारी है।
Source link
ट्रक ड्राइवर ने सरकारी अधिकारियों को कुचलने का किया प्रयास:यमुनानगर में थाने ले जाते ट्रक को लेकर भागा आरोपी, ओवरलोड होने पर रोका था







