![]()
भारतीय मजदूर संघ (हरियाणा) के बैनर तले आज बुधवार को यमुनानगर में कर्मचारियों और श्रमिकों ने कन्हैया साहिब चौक से उपायुक्त कार्यालय तक रोष मार्च निकाला। बारिश के बीच प्रदर्शनकारी सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए डीसी कार्यालय पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री के नाम मांगपत्र उपायुक्त को सौंपा। संघ ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों से जुड़े कई मुद्दे लंबे समय से लंबित हैं, जिनका समाधान अभी तक नहीं किया गया है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी लंबित मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। सीएम ने दिया था आश्वासन भारतीय मजदूर संघ के जिला नेता सतीश धीमान और राज ठाकुर ने बताया कि 26 अप्रैल को गुरुग्राम में आयोजित श्रमिक सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कर्मचारियों की विभिन्न मांगों के समाधान का आश्वासन दिया था। मुख्यमंत्री ने खुले मंच पर घोषण की थी कि 15 जून को सभी सेवा सुरक्षा के पात्र कर्मचारियों को ऑफर लेटर दिए जाएंगे। लेकिन इसके बाद उनके साथ कोई वार्ता नहीं हुई है और न हीं 15 जून तक कोई ऑफर लेटर दिया गया। इसी के विरोध में प्रदेशभर के जिला मुख्यालयों पर रोष मार्च निकालकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं। कर्मचारियों को मिले समान काम-समान वेतन उन्होंने कहा कि ज्ञापन में प्रदेश के सभी विभागों में कार्यरत कच्चे, संविदा, आउटसोर्स और HKRN कर्मचारियों के लिए समान काम-समान वेतन, सेवा सुरक्षा नियम-2024 का लाभ, पांच वर्ष की सेवा पूरी करने वाले कर्मचारियों को नियमित करने, रिक्त पदों पर स्थायी भर्ती, सामाजिक सुरक्षा और विभागवार लंबित मांगों को शामिल किया गया है। संघ नेताओं ने बताया कि मांगपत्र में हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRNL), बिजली निगम, एचवीपीएनएल, एनटीपीसी, परिवहन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, नगर परिषद, पंचायत, सहकारी विभाग, आंगनबाड़ी, श्रम विभाग सहित कई सरकारी विभागों के कर्मचारियों की समस्याओं को विस्तार से उठाया गया है। सतीश धीमान और राज ठाकुर ने कहा कि यदि सरकार जल्द मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो भारतीय मजदूर संघ पूरे प्रदेश में आंदोलन को और तेज करेगा, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
Source link
यमुनानगर में भारतीय मजदूर संघ का प्रदर्शन:बारिश में कन्हैया साहिब चौक से डीसी कार्यालय तक निकाला मार्च, विभिन्न मांगें उठाईं







