![]()
पलवल जिले में 4 और 5 जुलाई को आयोजित होने वाली हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) के सकुशल संचालन के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। उपायुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षा प्रक्रिया सुचारु और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके। उपायुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने बताया कि एचटेट परीक्षा 4 जुलाई को सायंकालीन सत्र में दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित होगी। वहीं, 5 जुलाई को परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक और सायंकालीन सत्र में दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। हालांकि डीसी ने बताया कि अभी तक केंद्र और अभ्यर्थियों की संख्या होगी, इस पर शासन स्तर से कोई जानकारी नहीं दी गई है। परीक्षा केंद्र में एंट्री से पहले होगा सत्यापन परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले प्रत्येक परीक्षार्थी के एडमिट कार्ड और वैध पहचान पत्र का गहन सत्यापन किया जाएगा। इसके साथ ही सभी अभ्यर्थियों की बॉयोमैट्रिक सत्यापन प्रक्रिया भी अनिवार्य रूप से की जाएगी। परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, कैलकुलेटर या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी कैमरे, बॉयोमैट्रिक मशीनें और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की पूर्व जांच कर ली जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी उपकरण ठीक से काम कर रहे हों। महिला अभ्यर्थियों को केवल मंगलसूत्र पहनने की अनुमति महिला अभ्यर्थियों को केवल मंगलसूत्र पहनने की अनुमति होगी। इसके अलावा किसी भी प्रकार के आभूषण पहनकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। सिख धर्म से संबंधित धार्मिक प्रतीकों को नियमानुसार अनुमति प्रदान की जाएगी। दिव्यांग एवं नेत्रहीन अभ्यर्थियों को अपने प्रमाण-पत्र साथ लेकर आने होंगे। पात्र अभ्यर्थियों को नियमानुसार अतिरिक्त समय प्रदान किया जाएगा। सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करें अधिकारी डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रश्न-पत्रों की कोडिंग (ए, बी, सी एवं डी) का विशेष ध्यान रखा जाए। परीक्षा ड्यूटी पर तैनात प्रत्येक कर्मचारी के पास फोटोयुक्त पहचान पत्र होना अनिवार्य है। साथ ही हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड एवं जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के कंट्रोल रूम पूरी तरह सक्रिय रहें, ताकि किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि परीक्षा ड्यूटी पर तैनात किसी भी कर्मचारी का कोई परिजन अथवा निकट संबंधी संबंधित परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थी नहीं होना चाहिए। समय से पहले पहुंचें परीक्षार्थी डीसी ने परीक्षार्थियों से अपील करते हुए कहा कि वे परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचें तथा परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें। बैठक में नगराधीश प्रीति रावत, जिला शिक्षा अधिकारी मामराज रावत, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधीक्षण अभियंता रंजन राव, जिला नगर योजनाकार अनिल मलिक सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Source link
पलवल में HTET परीक्षा 4- 5 जुलाई को:आभूषण पहनकर नहीं जा सकेंगी महिला अभ्यर्थी, दिव्यांगों को साथ लाना होगा प्रमाण पत्र







