spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

फरीदाबाद में लोहे से भरा ट्रक पलटा:एक तरफ वजन पड़ने से हुआ बेकाबू, सड़क पर बिखरा सामान, ड्राइवर घायल




फरीदाबाद में बंधवाड़ी टोल के पास देर रात लोहे की प्लेटों और लोहे की पत्तियों के रोल से भरा एक ट्रक सड़क पर पलट गया। हादसे में ट्रक ड्राइवर ओमप्रकाश घायल हो गया, जबकि ट्रक में लदा सारा लोहे का सामान हाईवे पर बिखर गया। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और ड्राइवर की हालत अब पहले से ठीक है। जानकारी के अनुसार, ट्रक फरीदाबाद से गुरुग्राम की ओर जा रहा था। ट्रक में बड़ी लोहे की प्लेटें और लोहे की पत्तियां लोड थी। रात करीब 12:30 से 1 बजे के बीच ट्रक बंधवाड़ी टोल पार करने के बाद एक मोड़ पर पहुंचा। जैसे ही ड्राइवर ने ट्रक को मोड़ा, ऊपर रखा भारी लोहे का रोल और अन्य सामान एक तरफ खिसक गया। अचानक पूरा वजन एक तरफ होने से ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गया। राहगीरों ने ड्राइवर को बाहर निकाला हादसे के बाद हाईवे पर लोहे की प्लेटें और अन्य सामान फैल गया। घटना देखकर आसपास से गुजर रहे लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। राहगीरों और पुलिस की मदद से ड्राइवर ओमप्रकाश को ट्रक से सुरक्षित बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। उनके सिर और हाथ में चोटें आई थीं। इलाज के बाद उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है। ड्राइवर ओमप्रकाश ने बताया कि ट्रक पर लोड किए गए लोहे के सामान को ठीक तरह से बांधा नहीं गया था। इसी कारण मोड़ पर ट्रक घूमते समय पूरा माल एक तरफ खिसक गया और ट्रक पलट गया। उन्होंने बताया कि हादसे में माल का भी काफी नुकसान हुआ है। घटना के बाद मजदूरों को बुलाकर सड़क पर बिखरे लोहे के सामान को हटाया गया। बाद में उसे दूसरे ट्रक में लोड कर रवाना करने का काम शुरू किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने यातायात को सुचारु कराया और राहत कार्य में पूरा सहयोग किया। बुधवार दोपहर एक और ट्रक पलटा इसी मार्ग पर बुधवार दोपहर करीब 2 बजे एक और हादसा हो गया। पाली चौकी से पहले टोल की ओर से फरीदाबाद आ रहा क्रेशर सामग्री से भरा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गड्ढे में पलट गया। इस हादसे में भी बड़ा नुकसान होने से बच गया। ट्रक चालक पूरी तरह सुरक्षित रहा और उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई। लगातार हो रहे इन हादसों के बाद लोगों का कहना है कि भारी वाहनों में माल की सही तरीके से लोडिंग और बांधने के नियमों का सख्ती से पालन कराया जाना चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Popular Articles