![]()
झज्जर जिले में कभी गांव बिरोहड़ की मिट्टी में कुश्ती के दांव सीखने वाला बेटा आज दुनिया के अखाड़े में भारत का परचम लहरा रहा है। पेरिस ओलिंपिक के कांस्य पदक विजेता और झज्जर के स्टार पहलवान अमन सहरावत ने अपने जन्मदिन को यादगार बनाते हुए बुडापेस्ट रैंकिंग सीरीज-2026 में स्वर्ण पदक जीत लिया। जन्मदिन पर मिली इस जीत ने उनके लिए दिन को और भी खास बना दिया। अमन ने इसे अपने जीवन का सबसे बड़ा और सबसे यादगार उपहार बताया। पुरुषों के 57 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग के फाइनल मुकाबले में अमन ने जॉर्जिया के रॉबर्टी डिंगाशविली को शुरुआत से ही संभलने का मौका नहीं दिया। भारतीय पहलवान ने लगातार अंक बटोरते हुए तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर 13-3 से मुकाबला जीतकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। देश के लिए गोल्ड जीतना सबसे बड़ा बर्थडे गिफ्ट जीत के बाद अमन ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा करते हुए लिखा- जन्मदिन पर देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने से बड़ा कोई तोहफा नहीं हो सकता। उन्होंने इस सफलता का श्रेय अपने कोच, सपोर्ट स्टाफ, परिवार और उन सभी लोगों को दिया, जिन्होंने हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया। अमन ने कहा कि यह पदक वर्षों की मेहनत, अनुशासन और विश्वास का परिणाम है और इसे वह पूरे देश को समर्पित करते हैं। बिरोहड़ से बुडापेस्ट तक जश्न अमन की जीत की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव बिरोहड़ में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया। सोशल मीडिया पर भी हजारों लोगों ने उन्हें जन्मदिन और स्वर्ण पदक की बधाई दी। लगातार ऊंचाइयां छू रहा झज्जर का सितारा दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में वर्षों की कड़ी मेहनत के बाद अमन सहरावत ने अंतरराष्ट्रीय कुश्ती में अपनी अलग पहचान बनाई है। वे भारत के सबसे युवा व्यक्तिगत ओलिंपिक पदक विजेताओं में शामिल हैं और देश के पहले अंडर-23 विश्व कुश्ती चैंपियन भी हैं। अब बुडापेस्ट में स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने अपने करियर में एक और सुनहरा अध्याय जोड़ दिया।
Source link
झज्जर के पहलवान का बर्थडे पर गोल्डन गिफ्ट:अमन सहरावत ने जॉर्जिया के पहलवान को 13-3 से हराया, बुडापेस्ट रैंकिंग सीरीज में जीता स्वर्ण







