जींद में एक हार्डवेयर कारोबारी और उसके कर्मचारी को हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। रेप के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर उनसे 30 लाख रुपए की मांग की गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तीन महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सदर थाना पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, रोहतक रोड पर हार्डवेयर और ट्रक स्पेयर पार्ट्स का कारोबार करने वाले एक व्यापारी की दुकान पर घिमाना गांव का एक युवक काम करता है। युवक के कहने पर व्यापारी ने निशा नामक महिला को अपनी दुकान पर अकाउंट्स का काम संभालने के लिए रखा था। महिला ने दुकान कर्मचारी को झांसे में लिया शुरुआत में निशा का व्यवहार सामान्य था, लेकिन धीरे-धीरे उसने दुकान के कर्मचारी को अपने झांसे में ले लिया। महिला ने अलग-अलग मजबूरियां बताकर किस्तों में उनसे 2 लाख रुपए ऐंठ लिए। जब कारोबारी और युवक ने महिला से अपने 2 लाख रुपए वापस मांगे, तो निशा ने रुपए लौटाने के बजाय दोनों को रेप के झूठे केस में फंसाने की धमकी दे डाली। इस साजिश में जल्द ही निशा की ननद मनजीत और उसकी एक सहेली गोगल भी शामिल हो गईं। 20 जून को तीनों महिलाओं ने मिलकर पीड़ितों से 30 लाख रुपए की और मांग की, जिसे पीड़ितों ने देने से इनकार कर दिया। कार में बैठाकर मांगी 10 लाख की फिरौती, पीड़ितों ने बना ली रिकॉर्डिंग आरोपी महिलाओं हौसले इतने बुलंद थे कि 24 जून को निशा ने कारोबारी के साथी (नौकर) को नए बस अड्डे पर बुलाया। जब वह कारोबारी के साथ वहां पहुंचा, तो निशा और गोगल उनकी कार में आकर बैठ गईं। कार के अंदर ही दोनों महिलाओं ने सीधे 10 लाख रुपए की डिमांड रख दी और रुपए न देने पर जेल भिजवाने की धमकी दी। लेकिन इस बार आरोपी महिलाएं एक बड़ी गलती कर बैठीं। पीड़ितों ने सूझबूझ दिखाते हुए महिलाओं की इस धमकी भरी बातचीत की ऑडियो/वीडियो रिकॉर्डिंग अपने मोबाइल में कर ली, जो अब पुलिस के लिए सबसे बड़ा सबूत बन चुकी है। पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच-पड़ताल जारी मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया है। सीआरएसयू (CRSU) चौकी प्रभारी राजेश कुमारी ने बताया कि, कारोबारी और उसके कर्मचारी को हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने की लिखित शिकायत मिली थी। पीड़ितों की शिकायत और सबूतों के आधार पर तीन महिलाओं (निशा, मनजीत और गोगल) के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
Source link
जींद में कारोबारी को हनीट्रैप में फंसाया:अकाउंट का काम देखती थी महिला, बस स्टैंड पर बुलाकर दी धमकी, 3 महिलाओं पर FIR
