करनाल जिले में घरौंडा क्षेत्र के गांव गढ़ी मुल्तान की कॉलोनी तक जाने वाले पक्के रास्ते के निर्माण में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार पर पंचायती राज विभाग ने 1.06 लाख रुपए की पेनल्टी लगा दी है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी की गई थी, जिसके चलते पहले ठेकेदार की पेमेंट रोकी गई और उसे नोटिस जारी किए गए। अब ठेकेदार के आश्वासन के बाद कुछ पेमेंट जारी कर दी गई है और रविवार से निर्माण कार्य दोबारा शुरू कर दिया गया है। उम्मीद है कि एक माह के भीतर सड़क का काम पूरा कर लिया जाएगा। गढ़ी मुल्तान कॉलोनी तक जाने वाली इस सड़क का शिलान्यास 7 जून 2025 को हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष एवं घरौंडा विधायक हरविंद्र कल्याण ने किया था। घरौंडा-कैमला रोड से कॉलोनी तक बनने वाले इस रास्ते पर करीब 78 लाख रुपए खर्च होने हैं। शिलान्यास के करीब 2 महीने बाद पंचायती राज विभाग ने निर्माण कार्य शुरू करवाया था। ठेकेदार ने बीच में रोका काम निर्माण के दौरान ठेकेदार ने सड़क की मजबूती के लिए टो-वाल बनाई और सड़क पर रोड़ी डालने का काम शुरू किया। साथ ही इंटरलॉकिंग टाइल्स भी बिछाई जाने लगीं, लेकिन केवल एक छोटा हिस्सा तैयार होने के बाद ही काम बीच में बंद हो गया। लंबे समय तक काम दोबारा शुरू नहीं हो पाया। जिसके बाद से ही ग्रामीणों और राहगीरों में रोष था, क्योंकि ग्रामीण कई दशकों से इस सड़क के बनने का इंतजार कर रहे थे। पिछले साल शिलान्यास के बाद लोगों को उम्मीद जगी थी कि अब पक्की सड़क बनेगी, लेकिन काम रुकने से निराशा बढ़ गई। ग्रामीणों के अनुसार इस रास्ते से राइस मिलों तक भारी वाहन भी गुजरते हैं, जिससे कच्चे रास्ते की समस्या और गंभीर हो जाती है। इसके अलावा सड़क किनारे बनाई गई छोटी दीवार कई जगहों से टूट चुकी है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल उठे। जांच में सामने आया कि ठेकेदार ने सड़क में निर्धारित मात्रा से कम रोड़ी डाली थी। काम दोबारा शुरू किया, पेमेंट का मुद्दा भी सुलझा वहीं इंटरलॉकिंग ईंटें भी मानकों के अनुरूप नहीं थीं, जिन्हें विभाग ने रिजेक्ट कर साइट से हटवा दिया। इन खामियों के चलते विभाग ने ठेकेदार की करीब 30 लाख रुपए की पेमेंट रोक दी थी और उसे निर्देश दिए थे कि वह तय मानकों के अनुसार ही काम पूरा करे। ठेकेदार बख्शा सिंह ने बताया कि अब सड़क निर्माण का काम दोबारा शुरू कर दिया गया है। पेमेंट से जुड़ा मुद्दा विभाग की ओर से सुलझा लिया गया है और अब पूरी सड़क तय मानकों के अनुसार बनाई जाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि करीब एक माह में निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। ग्रामीणों को जल्द मिलेगी राहत: सरपंच गांव के सरपंच राजेश राणा ने कहा कि सड़क निर्माण बीच में बंद होने के कारण लोगों को काफी परेशानी हो रही थी। इस मुद्दे को कई बार अधिकारियों के सामने उठाया गया। अब गुणवत्ता से जुड़े सभी मुद्दे सुलझा लिए गए हैं और निर्माण कार्य शुरू हो गया है, जिससे लोगों का वर्षों पुराना इंतजार खत्म होगा। लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी: जेई पंचायती राज विभाग के जेई परमजीत ने बताया कि ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वह सड़क का निर्माण पूरी गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुसार करे। किसी भी तरह की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पेमेंट से जुड़ा मुद्दा भी सुलझा लिया गया है और अब काम में तेजी लाई जाएगी।
Source link
घरौंडा में सड़क निर्माण में लापरवाही, ठेकेदार पर जुर्माना:कम रोड़ी-खराब टाइल्स के कारण रुका काम, आज से फिर हुआ शुरू
