नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका में सार्वजनिक सड़क पर थार और ट्रैक्टर के बीच खतरनाक स्टंट का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में दोनों वाहनों को लोहे की चेन से बांधकर आमने-सामने ताकत आजमाते देखा जा सकता है। इस जोर-आजमाइश के दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गड्ढे में गिरकर बिजली के खंभे से टकरा गया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह कथित तौर पर सट्टा लगाकर किया जा रहा था। यह घटना री-अगोन रोड पर हुई। वीडियो में कई लोग सड़क किनारे खड़े होकर इस स्टंट को देखते और अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड करते नजर आ रहे हैं। जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं जिस सड़क पर यह स्टंट किया गया, वहां आम लोगों का नियमित आवागमन रहता है। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के घायल होने या जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। हालांकि, ट्रैक्टर का पलटना इस बात का संकेत है कि यह लापरवाही कभी भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती थी। नूंह पुलिस और जिला प्रशासन समय-समय पर स्टंटबाजी, तेज रफ्तार और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाते रहे हैं। इसके बावजूद कुछ लोग कानून की परवाह किए बिना सार्वजनिक सड़कों को अपनी ताकत दिखाने का मंच बना रहे हैं। यह वायरल वीडियो एक बार फिर सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। ड्राइवरों की नहीं हुई पहचान वायरल वीडियो में दिख रहे थार ड्राइवर और ट्रैक्टर ड्राइवर की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। सदर थाना फिरोजपुर झिरका प्रभारी सुभाष चंद्र ने बताया कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं है। संज्ञान में आते ही वीडियो की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Source link
