हिसार जिले में चल रहे नशा मुक्त हिसार’ अभियान के तहत शनिवार को गांव बहबलपुर और बरवाला क्षेत्र के कई वार्डों में जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान लोगों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देने के साथ-साथ नशे की लत से जूझ रहे लोगों को उपचार और काउंसलिंग से जोड़ने का प्रयास किया गया। पुलिस अधीक्षक सिद्धान्त जैन ने बताया कि थाना सदर क्षेत्र के गांव बहबलपुर में आयोजित कार्यक्रम में करीब 80 महिला, पुरुष और बच्चों ने भाग लिया। उन्हें नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक नुकसान के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही अभिभावकों से बच्चों को नशे से दूर रखने तथा शिक्षा, खेलकूद और अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने की अपील की गई। वार्डों में घर-घर पहुंची टीम बरवाला शहर के वार्ड नंबर 4, 5, 6 और 7 में टीम ने घर-घर जाकर लोगों से संवाद किया। युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान स्थानीय लोगों से नशा तस्करी से जुड़ी जानकारियां भी जुटाई गईं और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील की गई। 15 लोगों को मिली उपचार संबंधी सहायता अभियान के दौरान नशे की लत से प्रभावित लोगों और उनके परिजनों से मुलाकात कर काउंसलिंग की गई। जिले में 9 नए नशा पीड़ितों की पहचान की गई। इनमें 3 लोगों को सरकारी अस्पताल से दवा उपलब्ध कराई गई, 9 लोगों को पहली बार घर जाकर आयुर्वेदिक दवा दी गई, जबकि 3 मरीजों को दूसरी बार नशा मुक्ति केंद्र से दवा उपलब्ध कराई गई। कुल मिलाकर एक दिन में 15 लोगों को दवा, काउंसलिंग और उपचार संबंधी सहायता प्रदान की गई। लोगों से सहयोग की अपील एसपी सिद्धान्त जैन ने कहा कि नशे की समस्या से निपटने के लिए जनभागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि आसपास कोई व्यक्ति नशे की गिरफ्त में है या नशा तस्करी की जानकारी है तो संबंधित एजेंसियों को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई और उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
Source link
हिसार में नशा मुक्ति अभियान में जागरूकता-उपचार पर जोर:बहबलपुर और बरवाला क्षेत्र में पहुंची टीम; पहले दिन 15 नशा पीड़ितों को दवा-काउंसलिंग
