Related Posts

गोहाना में मंत्री अरविंद ने किया BJP अध्यक्षा का स्वागत:अर्चना गुप्ता बोलीं- भाजपा ने नारी सशक्तिकरण को नया आयाम दिया




सोनीपत के गोहाना में भाजपा हरियाणा की नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा की कार्यकर्ता आधारित कार्य संस्कृति ही उसकी सबसे बड़ी पहचान है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया। रविवार शाम गोहाना पहुंचने पर डॉ. अर्चना गुप्ता का सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और क्षेत्रवासियों ने जोरदार स्वागत किया। सेक्टर 7 स्थित कम्युनिटी सेंटर में आयोजित अभिनंदन समारोह में पुष्पवर्षा और माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया गया। डॉ. गुप्ता ने स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो संगठन की मजबूत रीढ़ हैं। कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत, निष्ठा और समर्पण के बल पर ही भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक राजनीतिक पार्टी बनी है। उन्होंने बताया कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का व्यापक अभियान है। यह एक ऐसी पार्टी है जहां सामान्य परिवार का कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत और संगठन के प्रति समर्पण के बल पर प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय अध्यक्ष, मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री जैसे सर्वोच्च पदों तक पहुंच सकता है। पार्टी का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना और भारत को विश्व की अग्रणी शक्ति बनाना है। डॉ. गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है, और हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में जनहित की योजनाएं प्रभावी ढंग से लागू की जा रही हैं। इस अवसर पर सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने प्रदेशाध्यक्ष का स्वागत करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में हरियाणा भाजपा संगठन को नई ऊर्जा और नई दिशा मिलेगी। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन द्वारा डॉ. अर्चना गुप्ता की नियुक्ति से प्रदेश भर में नारी शक्ति का आत्मविश्वास और भरोसा मजबूत हुआ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने तथा सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। आने वाले समय में भी कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास के बल पर भाजपा और अधिक सशक्त होकर उभरेगी। इस अवसर पर गोहाना भाजपा जिला प्रभारी डॉ. किरण कलकल, जिलाध्यक्ष बिजेन्द्र मलिक, वरिष्ठ भाजपा नेता जवाहर सैनी, प्रदीप सांगवान, डॉ. रीटा शर्मा और नगर परिषद चेयरपर्सन रजनी विरमानी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। गोहाना में पहली बार पहुंचने पर डॉ. अर्चना गुप्ता का कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कार्यकर्ताओं के साथ पानीपत रोड पर जेके गार्डन के पास जोरदार स्वागत किया। फूलों व भाजपा झंडों से सजी खुली जीप में सवार होकर उन्होंने खानपुर मोड़ पर महात्मा ज्योतिबा फुले, सावित्रीबाई फुले चौक, सोनीपत मोड़ पर भगवान परशुराम चौक और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक पर पहुंचकर महापुरुषों को नमन किया। इसके बाद सेक्टर 7 में भगवान परशुराम आश्रम व निर्माणाधीन जाट भवन परिसर पर भी उनका भव्य स्वागत हुआ। अंत में कम्युनिटी सेंटर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने जेसीबी के माध्यम से पुष्पवर्षा, पगड़ी, स्मृति चिह्न और मुंह मीठा करवाकर उनका जोरदार अभिनंदन किया।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें