Related Posts

गुरुग्राम में बोले राव इंद्रजीत- हाइड्रोजन ट्रेन ऐतिहासिक उपलब्धि:विकसित भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम, वर्चुअल प्रोग्राम में हुए शामिल




गुरुग्राम में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश की पहली हाइड्रोजन संचालित ट्रेन को राष्ट्र को समर्पित किए जाने को भारत के परिवहन इतिहास में एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह केवल हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। इस हाइड्रोजन ट्रेन की शुरुआत स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक परिवहन व्यवस्था के प्रति भारत की मजबूत प्रतिबद्धता का प्रतीक है। राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत हरित ऊर्जा, नवाचार और अत्याधुनिक तकनीक के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उनके अनुसार, देश की यह पहली हाइड्रोजन ट्रेन ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी। यह पहल भविष्य में प्रदूषण कम करने के साथ-साथ ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों को बढ़ावा देने में भी अहम भूमिका निभाएगी। विकास की राजनीति ने क्षेत्रवाद को पीछे छोड़ा : राव इंद्रजीत जींद से पीएम मोदी के हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने और सभा के संबोधन के लाइव प्रसारण के दौरान उन्होंने, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हरियाणा से विशेष आत्मीय जुड़ाव का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि संगठन में कार्य करते हुए प्रधानमंत्री ने प्रदेश की जरूरतों और संभावनाओं को करीब से समझा, जिसका लाभ आज हरियाणा को विभिन्न विकास परियोजनाओं के रूप में मिल रहा है। राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद विकास की राजनीति ने क्षेत्रवाद को पीछे छोड़ दिया है और अब पूरे देश में समान रूप से विकास कार्यों को गति दी जा रही है। उन्होंने विशेष रूप से बताया कि हरियाणा में रेल नेटवर्क के विस्तार, विद्युतीकरण और आधुनिक सुविधाओं के विकास पर ध्यान दिया गया है, जिससे दक्षिण हरियाणा सहित पूरे प्रदेश को नई गति मिली है। केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं पर डाला प्रकाश उन्होंने केंद्र सरकार की स्वास्थ्य, खेल और युवा विकास संबंधी प्राथमिकताओं पर भी प्रकाश डाला। मंत्री ने कहा कि देशभर में नए मेडिकल कॉलेज, एम्स और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हुआ है, वहीं ‘खेलो इंडिया’ जैसी योजनाओं से खिलाड़ियों को नई पहचान मिली है। राव इंद्रजीत सिंह ने मातृशक्ति से अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने और संतुलित एवं आयरन युक्त आहार अपनाने की अपील करते हुए कहा कि एक स्वस्थ हरियाणा ही विकसित भारत की मजबूत नींव बनेगा। मानेसर में राव नरबीर सिंह ने किया कार्यक्रम को संबोधित वहीं, हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने शुक्रवार को मानेसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया और जींद में आयोजित प्रधानमंत्री के वर्चुअल कार्यक्रम से जुड़े। उन्होंने हाइड्रोजन ट्रेन को हरित ऊर्जा और आधुनिक रेल परिवहन की नई शुरुआत बताते हुए कहा कि यह परियोजना देश को स्वच्छ, आत्मनिर्भर और टिकाऊ ऊर्जा व्यवस्था की ओर ले जाएगी। कार्यक्रम के दौरान राव नरबीर सिंह ने मानेसर नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न गांवों के स्वागत द्वार, नाहरपुर कासन एसटीपी, गोशाला तथा सात तालाबों तक शोधित जल पहुंचाने से जुड़े विकास कार्यों का शिलान्यास किया। उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और स्वच्छता अभियान में श्रमदान कर लोगों से भी इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की। इस अवसर पर पटौदी विधायक बिमला चौधरी, सोहना विधायक तेजपाल तंवर, भाजपा जिला अध्यक्ष अजीत सिंह यादव तथा एसडीएम दर्शन यादव सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें