Related Posts

Punjab Chandigarh Top news; pm Modi | CM Mann


.

पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर पीएम मोदी के दौरे से जुड़ी रही। पहले वे चंडीगढ़ पहुंचे, इसके बाद जालंधर आए। यहां पर पीएम ने कहा कि पंजाब सरकार कर्ज पर मौज कर रही है। कट्‌टर बेईमान पार्टी विज्ञापनों से विश्वासघात छुपा रही है।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. PM मोदी बोले- पंजाब सरकार कर्ज पर मौज कर रही

पीएम नरेंद्र मोदी चंडीगढ़ के बाद जालंधर पहुंचे हैं। यहां उन्होंने 5470 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और उद्घाटन किया। उन्होंने सीर गोवर्धनपुर वाराणसी एक्सप्रेस (अमृतसर के छेहर्टा से वाराणसी तक) को हरी झंडी दिखाने से पहले स्कूली बच्चों से बात की। इसके बाद वह ट्रेन में ही डेरा सचखंड बल्लां के संत निरंजन दास से मिले।

इसके बाद पीएम किसान नेताओं वाली हरी पगड़ी पहनकर जनसभा की। पीएम ने कहा- पंजाब में विज्ञापनों के दम पर विश्वासघात की तस्वीर छिपाई जा रही है। कानून व्यवस्था बेहाल है। कब कहां गैंगवार हो जाए, किस दिशा से गोलियां चलने लगे, कोई कह नहीं सकता।

यहां व्यापार-कारोबार करना मुश्किल हो चुका है। सरेआम फिरौती मांगी जा रही है। पुलिस थाने तक सुरक्षित नहीं हैं। थानों पर अटैक हो रहे हैं। पंजाब का भविष्य बर्बाद किया जा रहा है। नशे के सौदागर खुलेआम घूम रहे हैं। युवाओं को नशे के दलदल में धकेला जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार कर्ज पर मौज कर रही। (पढ़ें पूरी खबर)

2. हाईकोर्ट का भज्जी को झटका, सिक्योरिटी बहाल करने से इनकार

जालंधर के रहने वाले पूर्व क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह भज्जी को पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने झटका दिया है। कोर्ट ने उनकी पंजाब पुलिस की सुरक्षा बहाली की याचिका को खारिज कर दिया है। कोर्ट ने कहा कि रिकॉर्ड के आधार पर यह नहीं कहा जा सकता कि उनकी सुरक्षा अचानक इसलिए वापस ली गई, क्योंकि उन्होंने आम आदमी पार्टी छोड़ी थी।

हाईकोर्ट ने माना कि सुरक्षा हटाने का निर्णय सुरक्षा समीक्षा समिति द्वारा पहले ही ले लिया गया था। इसके साथ ही कोर्ट ने कहा कि केवल घर के बाहर प्रदर्शन होना या गद्दार कहे जाना से अपने आप में जान के लिए खतरा साबित नहीं करता, विशेषकर तब जब प्रदर्शन हिंसक न रहा हो।

हाईकोर्ट ने केंद्र से मिली Y+ सुरक्षा और राज्य सरकार द्वारा पंजाब आगमन पर स्थानीय सुरक्षा देने के आश्वासन को ध्यान में रखते हुए, बिना किसी अन्य निर्देश के याचिका का निपटारा कर दिया। भज्जी ने 24 अप्रैल को आम आदमी पार्टी (AAP) को छोड़ दिया था, इसके अगले ही दिन 25 अप्रैल को पंजाब पुलिस ने उनकी सुरक्षा वापस ले ली गई। (पढ़ें पूरी खबर)

3. घर के आंगन में बंधी गाय खा गया तेंदुआ, दीवार फांदकर घुसा

होशियारपुर जिले के दसूहा में एक तेंदुए ने रिहायशी इलाके में घुसकर घर के आंगन में बंधी गाय को अपना शिकार बना लिया। तेंदुआ आते ही गाए के गले को अपने मुंह में डाल लेता है। गाय कुछ देकर मुकाबला करती है लेकिन इसके बाद तेंदुआ उसका गला घोंट देता है और मार देता है।

गाय को शिकार बनाते तेंदुए का वीडियो भी सामने आया है। गाय तेंदुए से जान बचाने के लिए काफी देर संघर्ष करती है। इस दौरान गाय आवाज निकालती है, लेकिन मालिक नहीं उठते हैं जिससे तेंदुआ गाय को खा जाता है। सुबह बछड़ी मृत मिलने के बाद परिजनों ने पंचायत और वन्यजीव विभाग को सूचना दी।

मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कराया, जबकि दातारपुर वेटरनरी अस्पताल की डॉ. पूनम शर्मा ने बछड़ी का पोस्टमार्टम किया। फॉरेस्ट गार्ड गुरमेल सिंह ने ग्रामीणों को रात के समय सतर्क रहने और घरों के बाहर लाइटें जलाकर रखने की सलाह दी। (पढ़ें पूरी खबर)

4. हरजीत ग्रेवाल राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन बने, BJP के बड़े सिख चेहरा

पंजाब BJP के सीनियर नेता हरजीत सिंह ग्रेवाल को केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग का चेयरमैन बना दिया है। उनका कार्यकाल 3 साल का रहेगा। वह पंजाब में भाजपा के बड़े सिख चेहरे के तौर पर एक्टिव रहे हैं। खास तौर पर दिल्ली बॉर्डर पर हुए किसान आंदोलन के दौरान उन्होंने केंद्र के पक्ष में डटकर बयानबाजी की थी। इससे वह पंजाब से लेकर नेशनल लेवल तक खूब सुर्खियों में रहे।

पंजाब चुनाव से पहले उनकी नियुक्ति को सिखों को खुश करने की कोशिश माना जा रहा है। इस मौके पर मीडिया से बातचीत में ग्रेवाल ने कहा कि मुझे जो जिम्मेदारी मिली है, उसे पूरी तनदेही से निभाऊंगा। मैं इससे पहले भी कई पदों पर काम कर चुका हूं। ग्रेवाल मूल रूप से पटियाला के रहने वाले हैं।

बता दें कि ग्रेवाल 3 दशक से अधिक समय से भाजपा और आरएसएस से जुड़े हैं। 2013 से 2017 तक पंजाब खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के चेयरमैन रहे। 2017 के पंजाब विधानसभा चुनाव में राजपुरा सीट से भाजपा उम्मीदवार रहे, हालांकि चुनाव हार गए। वह भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य रहे। इससे पहले पंजाब भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

5. बॉयफ्रेंड को जिंदा जलाने वाली युवती का VIDEO, पेट्रोल लेकर घर पहुंची

अमृतसर में बॉयफ्रेंड को पेट्रोल डालकर जलाने वाली युवती 3 दिन पहले भी उसे जान से मारने की नीयत से उसके घर पहुंची थी। उस समय उसने युवक के परिजन को बताया था कि पेट्रोल गुरुद्वारे में दान करना है। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी परिवार ने शेयर किया है।

फुटेज में युवती लड़के के घर के पास स्थित फोटोस्टेट की दुकान में दिखाई दे रही है। वीडियो में युवक हाथ जोड़कर युवती से विनती करता नजर आ रहा है। जबकि, युवती काउंटर पर पैर रखकर कुर्सी पर बैठी दिखाई देती है। वह उसे बार-बार उंगलियां दिखाकर धमका रही थी। करीब 10 मिनट के बाद युवती वहां से चली गई।

इसके बाद, 15 जुलाई को युवती ने युवक को अपने घर बुलाया। वहां इनमें किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। इसके बाद युवती ने अपने चचेरे भाई की मदद से युवक को बांधा और उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इसके बाद पुलिस को आत्महत्या की सूचना दी। पुलिस ने युवती और उसके चचेरे भाई समेत 4 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार किया है। (पढ़ें पूरी खबर)

6. कैबिनेट मंत्री के करीबी के घर ED की रेड

पठानकोट में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीमों ने 5 ठिकानों पर करीब 16 घंटे तक रेड की। कार्रवाई के दौरान दो बड़े स्टोन क्रशर कारोबारियों के घर, दफ्तर और क्रशर यूनिटों के अलावा तारागढ़ स्थित एक प्रॉपर्टी डीलर व पूर्व सरपंच के घर पर भी छापेमारी की गई।

ईडी ने लेनदेन, आयात-निर्यात (इंपोर्ट-एक्सपोर्ट) और जमीन से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच की। देर रात टीम कैबिनेट मंत्री लाल चंद के गांव कटारूचक्क भी पहुंची, जहां उनके एक करीबी के घर पर करीब एक घंटे तक रिकॉर्ड खंगाले गए। हालांकि, ईडी ने यह स्पष्ट नहीं किया कि यह कार्रवाई किस मामले की जांच के तहत की जा रही है।

पूरी कार्रवाई बेहद गोपनीय और कड़ी सुरक्षा के बीच की गई। छापेमारी के दौरान संबंधित कारोबारियों और उनके परिवार के सदस्यों को घर से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई। साथ ही किसी बाहरी व्यक्ति को परिसर में प्रवेश करने या अंदर मौजूद लोगों को बाहर आने की इजाजत नहीं थी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए सभी ठिकानों पर सीआरपीएफ के जवान तैनात रहे, जबकि ईडी अधिकारी लगातार दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच में जुटे रहे।

जांच की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि ईडी अधिकारियों ने दोपहर और रात का भोजन भी बाहर से मंगवाकर परिसर के भीतर ही किया और जांच जारी रखी। सियाली रोड स्थित जोन होटल के पास एक स्टोन क्रशर कारोबारी के दफ्तर में भी टीम ने रिकॉर्ड खंगाले। (पढ़ें पूरी खबर)

7. NEET-UG टॉपर बोले- दादी की मौत से टूट गया था

लुधियाना के रहने वाले आर्यन गुप्ता ने देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक NEET-UG 2026 में 720 में से 715 अंक हासिल कर ऑल इंडिया रैंक-1 (AIR-1) पर कब्जा जमाया। उन्होंने कहा कि जब मैं थर्ड क्लास में पढ़ता था, तब मैंने अपनी दादी को कैंसर के कारण दम तोड़ते देखा। हमारे दादके-नानके परिवार में लगभग सभी डॉक्टर्स हैं, माता-पिता भी डॉक्टर हैं, लेकिन फिर भी हम मिलकर भी अपनी दादी को नहीं बचा पाए।

दादी से मेरा काफी लगाव था और उनकी मौत से मैं टूट गया था। तभी मैंने मन में ठान लिया था कि बड़ा होकर कैंसर स्पेश्लिस्ट (ऑन्कोलॉजिस्ट) बनूंगा। आज NEET-UG (री-नीट 2026) का रिजल्ट आने के बाद मेरा वह सपना पूरा होने जा रहा है।

आर्यन की इस ऐतिहासिक सफलता पर उनका परिवार और टीचर्स बेहद खुश हैं। आर्यन के पिता डॉ. सचिन गुप्ता एक एनेस्थीसियोलॉजिस्ट (एनेस्थिसिया के डॉक्टर) हैं और माता डॉ. रीनू गुप्ता एक गायनेकोलॉजिस्ट हैं। आर्यन ने अपनी इस सफलता का सबसे बड़ा श्रेय अपनी स्वर्गवासी दादी की प्रेरणा और अपने बड़े भाई के बेहतरीन मार्गदर्शन को दिया है।(पढ़ें पूरी खबर)

8.आसमान में चमकती दिखी तेज रोशनी, लोग बोले- पहले कभी ऐसा नहीं देखा

पंजाब के कई जिलों में गुरुवार रात आसमान में अचानक तेज रोशनी चमकती दिखी। ये नजारा देखते ही लोग हैरान रह गए और इसे उल्का पिंड बताने लगे। कुछ ही देर में घटना के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगीं।

तरनतारन में प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आसमान में कुछ समय के लिए एक तेज चमक दिखाई दी। यह सामान्य बिजली की चमक जैसी नहीं थी और न ही यह आतिशबाजी थी। अमृतसर, तरनतारन और पठानकोट के साथ कई और जिलों में ये नजारा दिखा। इसी वजह से कई लोगों ने इसे उल्का पिंड या आसमान में दिखाई देने वाली किसी खगोलीय घटना से जोड़ा। हालांकि, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है।

कई सोशल मीडिया यूजर्स का दावा है कि वीडियो में दिखाई देने वाली चमक उल्का पिंड की हो सकती है। उनका कहना है कि वायुमंडल में प्रवेश करते समय उल्का पिंड इसी तरह तेज रोशनी पैदा करते हैं। हालांकि, इस दावे की अभी तक किसी वैज्ञानिक संस्था या संबंधित विभाग ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। (पढ़ें पूरी खबर)

9. पंजाब कांग्रेस में अभी ऑल इज वेल नहीं, चन्नी-वड़िंग गुट में टकराव बरकरार

कांग्रेस हाईकमान ने चन्नी गुट को दिल्ली बुलाकर फटकार लगाई और हाईकमान के निर्देशों पर काम करने को कह दिया। हाईकमान की फटकार के बाद पूर्व सीएम ने ऑल इज वेल तो कह दिया, लेकिन पंजाब कांग्रेस में सब कुछ ठीक होना संभव नहीं है।

चन्नी गुट पहले ही राजा वड़िंग को प्रधान मानने के लिए तैयार नहीं है और सार्वजनिक तौर पर इसका ऐलान भी कर चुका है। अब अगर हाईकमान के कहने पर चन्नी चुप भी हो जाते हैं तो दोनों गुटों के नेताओं में टकराव जारी रहेगा। चन्नी ने अपने गुट की एक बैठक भी बुलाई है।

पॉलिटिकल एक्सपर्ट का मानना है कि अगर हाईकमान के कहने पर चन्नी राजा वड़िंग की प्रधानगी को स्वीकार कर भी लेते हैं तो विधानसभा चुनाव में उनका फोकस अपना गुट मजबूत करने और राजा वड़िंग गुट को कमजोर करने पर रहेगा।

इसी तरह राजा वड़िंग गुट भी चन्नी गुट को कमजोर करने और खुद को मजबूत करने पर फोकस करेगा, ताकि अपने ज्यादा से ज्यादा लोगों को टिकट दिला सकें और जब सीएम बनने की बारी आएगी तो उनका दावा मजबूत होगा। हालांकि, ये गुटबाजी चुनाव में कांग्रेस के लिए ही आत्मघाती साबित होगी। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर जरा हटके…

10. ₹30 लाख खर्च कर पत्नी कनाडा भेजी, पहुंचते ही तलाक दिया

लुधियाना की जशनवीर कौर और परमिंदर सिंह की शादी साढ़े चार साल पहले सिख रीति रिवाज से हुई। शादी के समय दोनों परिवारों में 30 लाख रुपए में समझौता हुआ कि लड़की कनाडा जाएगी और उसका पूरा खर्च ससुराल पक्ष उठाएगा।

जशनकौर जब कनाडा जाएगी तो वो अपने पति परमिंदर सिंह को वहां बुलाएगी और उसकी PR करवाकर देगी। करार के मुताबिक जशनवीर कौर ने अपने पति को कनाडा बुलाया। पति शादी के तीन महीने बाद कनाडा पहुंचा पर पत्नी उसे लेने एयरपोर्ट पर नहीं पहुंची।

एयरपोर्ट पर घंटों इंतजार करने के बाद परमिंदर ने कनाडा में रहने वाली अपनी मौसी की बेटी को बुलाया। वो उसे लेकर गई। जशनवीर कौर ने परमिंदर सिंह के साथ कोई संपर्क नहीं किया और न ही उसे पीआर दिलाई। जब उसने पीआर की डिमांड की तो जशनवीर कौर ने तलाक का केस लगा दिया। (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें