![]()
गुरदासपुर के बटाला में शुक्रवार दोपहर करीब 2:20 बजे गाड़ी क्रॉस करने को लेकर हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। बटाला-गुरदासपुर रोड स्थित सिंबल चौक पर दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जिसके बाद दोनों ओर से लाइसेंसी पिस्तौलों से ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं। गोलीबारी में निहंग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे पक्ष के तीन युवक गोली लगने से घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई और मौके पर भगदड़ मच गई। चश्मदीदों ने ये बातें बताईं… हाईवे पर गाड़ी क्रॉस करने पर हुआ विवाद: चश्मदीदों के अनुसार, हाईवे पर गाड़ी क्रॉस करने की बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हो रही थी। वहां खड़े कुछ स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश भी की। इसी बीच, फॉर्च्यूनर गाड़ी में सवार तीन युवकों ने अचानक अपनी पिस्तौल निकाली और दूसरे पक्ष पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। फायरिंग से बाजार में भगदड़ मची: अचानक हुई फायरिंग से बाजार में भगदड़ मच गई और राहगीरों ने भागकर अपनी जान बचाई। दूसरी गाड़ी में सवार एक निहंग सिंह, जिसकी पहचान दीपइंदर सिंह के रूप में हुई है, ने भी आत्मरक्षा में तुरंत अपनी लाइसेंसी पिस्तौल निकाली और क्रॉस फायरिंग शुरू कर दी। एक की मौत, दो गंभीर घायल: दोनों तरफ से हुई इस गोलीबारी में भारी नुकसान हुआ है। फॉर्च्यूनर सवारों की गोली का शिकार हुए निहंग दीपइंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दीपइंदर सिंह द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में फॉर्च्यूनर सवार तीन युवकों को भी गोलियां लगी हैं। वे तीनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं, जिनमें से एक युवक की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसएसपी बोले- मामले की जांच कर रहे बटाला के एसएसपी डॉ. महताब सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया कि दोनों पक्षों का गाड़ी क्रॉस करने को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसके बाद दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से एक-दूसरे पर हमला कर दिया। इस घटना में एक युवक दीपइंदर सिंह की मौत हो गई है और दूसरे पक्ष के युवक गोली लगने से घायल हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और मौके से साक्ष्य जुटाकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। दिन-दिहाड़े भीड़भाड़ वाले सिंबल चौक पर हुई फायरिंग जैसी वारदात के बाद पूरे इलाके के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
इस खबर को हम अपडेट कर रहे हैं…..
Source link
गुरदासपुर में निहंग की हत्या, 3 युवक घायल:गाड़ी क्रॉस करने को लेकर हुआ विवाद, 2 पक्षों में चली 15 राउंड गोलियां







