![]()
कैथल में एक आरोपी ने एक युवक को ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर 15 लाख 69 हजार रुपए ठग लिए। आरोपी ने उसे बैंकॉक और वहां से वीयतनाम भेज दिया। वहां आगे ऑस्ट्रेलिया की फर्जी टिकट दे दी, जिस कारण युवक आगे नहीं जा सका। जब परिवार ने इस बारे में आरोपी को कहा तो उनके बेटे को विदेश में ही जान से मरवाने की धमकी दी। इस संबंध में युवक के पिता ने सिविल लाइन थाना में शिकायत दी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पिता ने शिकायत दी सुभाष नगर कैथल निवासी परमजीत ने सिवल लाइन थाना में दी शिकायत में बताया कि उसका बेटा हर्षित बीटेक की पढ़ाई कर रहा है। मार्च 2026 में उसके पास जीरकपुर पंजाब निवासी आकाश गुप्ता का कॉल आया। आरोपी ने उसके बेटे को कहा कि आपका रिज्यूम इंटरनेट पर देखा था। वह युवाओं को विदेश भेजने का काम करता है। आरोपी ने ये भी कहा कि वह हर्षित को ऑस्ट्रेलिया भेज देगा। वहां पर उसे यूनिवर्सिटी में दाखिला दिलाएगा और काम भी दिलवा देगा। उनकी बात 17 लाख रुपए में तय हो गई। ऐसा कहकर आरोपी ने उनसे अलग-अलग समय में 15 लाख 69 हजार रुपए ले लिए। 30 मार्च को आरोपी ने उसके बेटे को बैंकॉक भेज दिया। ऑस्ट्रेलिया की नकली टिकट दी आरोपी द्वारा फ्लाइट व अन्य फीस पूरी नहीं भरी गई, जिससे उसका बेटा सात अप्रैल को बैंकॉक से भारत वापस आ गया। आरोपी आकाश ने कहा कि फीस पूरी न भरने की वजह से आपके बेटे को जून इनटेक मिलेगा। 18 मई को उसके बेटे को दिल्ली से दोबारा बैंकॉक भेज दिया। कुछ दिन वहां रखने के बाद उसके बेटे को वीयतनाम भेज दिया और वहां ऑस्ट्रेलिया की नकली टिकट दे दी, जिस कारण उसका बेटा आगे की यात्रा नहीं कर सका। उन्हें ऐहसास हुआ कि आकाश गुप्ता उनके साथ ठगी कर रहा है। जान से मारने की धमकी दी जब उन्होंने इस बारे में आकाश गुप्ता से बातचीत की तो आरोपी ने धमकी दी कि तुम्हारा लड़का हर्षित मेरे लोगों के पास है। यदि तुम कहीं शिकायत करोंगे तो हम आपके लड़के का यही वीयतनाम में जान से मरवा देंगे। उसने बड़ी मुश्किल से अपने बेटे को भारत वापस बुलाया। अब वे आरोपी ने अपने पैसे वापस मांगते हैं तो आरोपी उनको जान से मारने की धमकी देता है। शिकायतकर्ता ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सिविल लाइन थाना के जांच अधिकारी तेग सिंह ने बताया कि इस संबंध में पुलिस के पास शिकायत आई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
Source link







