Related Posts

कुरुक्षेत्र भाखड़ा नहर में डूबे व्यक्ति का शव बरामद:बटेड़ा हेड पर पहरा लगाकर बैठा था परिवार, बॉडी देखते ही बिलख पड़ा, छह बच्चों का पिता




कुरुक्षेत्र जिले के किरमिच गांव के पास भाखड़ा नहर (नरवाना ब्रांच) में डूबे लक्ष्मण दास का शव आखिरकार बरामद हो गया। तीन दिन से उसके परिजन और गांव के लोग नहर किनारे उसकी तलाश में जुटे थे। परिवार को उम्मीद थी कि लक्ष्मण किसी तरह मिल जाएगा, लेकिन आज शनिवार को बटेड़ा हेड के पास पानी में शव दिखाई देने के बाद यह उम्मीद टूट गई। मूल रूप से बिहार का रहने वाला 40 साल का लक्ष्मण दास पिछले करीब 10 साल से किरमिच गांव के पास रहकर ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था। बुधवार को भाखड़ा नहर के किनारे हाथ धोने गया था। इसी दौरान पैर फिसलने से नहर में गिर गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन कुछ देर में ही वह तेज बहाव में बह गया। हेड पर पहरा देकर बैठे थे परिजन घटना के बाद से लक्ष्मण के परिजन और परिचित लोग लगातार नहर किनारे उसकी तलाश में जुटे हुए थे। गोताखोरों और पुलिस की टीम ने पहले दिन कई घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद परिवार के लोग संभावित स्थानों पर नजर बनाए हुए थे। परिजन बटेड़ा हेड के पास भी लगातार पहरा देकर बैठे हुए थे। शव देखते ही सूचना दी आज सुबह हेड के पास मौजूद परिवार के लोगों को पानी में एक शव बहता दिखाई दिया। उन्होंने तुरंत पुलिस और गोताखोर प्रगट सिंह को सूचना दी। सूचना मिलते ही गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद शव को नहर से बाहर निकाला गया। बाद में उसकी पहचान लक्ष्मण दास के रूप में हुई। 6 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया लक्ष्मण दास अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके छह बच्चे हैं। परिवार के अनुसार कुछ समय पहले ही उसकी बड़ी बेटी की शादी हुई थी। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार का पूरा गुजारा लक्ष्मण की मजदूरी पर निर्भर था। घटना वाले दिन भी वह अपने बच्चों को दवाई दिलाकर लौटा था और फिर काम पर चला गया था। पुलिस करवाएगी पोस्टमार्टम उधर, पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम करवाएगी। पुलिस परिवार के बयान दर्ज कर रही है। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गोताखोर प्रगट सिंह अपनी टीम के साथ शव बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें