Related Posts

राजस्थान से डोडापोस्त लेकर फतेहाबाद आया युवक अरेस्ट:बाईपास पर पुलिस ने दबोचा; नशे के नेटवर्क को खंगालने में जुटी पुलिस




फतेहाबाद जिले में सदर थाना पुलिस ने राजस्थान निवासी युवक को नशा तस्करी के आरोप में पकड़ा है। आरोपी युवक से 13 किलो 285 ग्राम डोडापोस्त बरामद किया गया है। आरोपी हिसार-सिरसा बाईपास पर धांगड़ पुल के पास किसी वाहन का इंतजार कर रहा था। पुलिस ने सूचना के आधार पर दबिश देकर उसे मौके से काबू कर लिया। फतेहाबाद में की जानी थी सप्लाई पुलिस के अनुसार, टीम धांगड़ बस स्टैंड क्षेत्र में नशा तस्करी रोकने के लिए गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि राजस्थान के डीग जिले की कुरकेन कॉलोनी निवासी अनिल उर्फ ज्ञानी उर्फ टंकी राजस्थान से डोडापोस्त लाकर फतेहाबाद में सप्लाई करने आया है और हिसार-सिरसा बाईपास स्थित धांगड़ पुल के पास खड़ा है। सूचना मिलने के बाद एनडीपीएस एक्ट की धारा 42 के तहत कार्रवाई कर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। नायब तहसीलदार की मौजूदगी में ली तलाशी पुलिस की सरकारी गाड़ी देखकर आरोपी अपने पास रखा सफेद प्लास्टिक का कट्टा उठाकर तेजी से जाने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। संदेह के आधार पर पूछताछ की गई तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद नियमानुसार भट्टू कलां के नायब तहसीलदार हरीश कुमार को मौके पर बुलाया गया। उनकी मौजूदगी में आरोपी और कट्टे की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कट्टे से डोडापोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर इलेक्ट्रॉनिक कांटे से वजन किया तो कट्टे सहित कुल वजन 13 किलो 285 ग्राम निकला। बरामद मादक पदार्थ को सील कर कब्जे में लिया गया तथा पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई। एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज सदर थाना प्रभारी प्रहलाद राय के अनुसार, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सदर फतेहाबाद में एनडीपीएस एक्ट की धारा 15(बी), 61 और 85 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वह डोडा पोस्त किससे लेकर आया था और जिले में किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जानी थी।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें