![]()
सोनीपत में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से एसीपी ट्रैफिक नरेश अहलावत ने ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ शहर के विभिन्न व्यस्त क्षेत्रों में पैदल गश्त कर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ यात्रा, आगामी स्वतंत्रता दिवस और शहर की समग्र यातायात व्यवस्था के लिए आवश्यक प्रबंधों की समीक्षा भी की। पैदल गश्त के दौरान, एसीपी ट्रैफिक ने बस स्टैंड, मामा-भांजा चौक, सुभाष चौक और कच्चे क्वार्टर सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर यातायात संचालन का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। कांवड़ यात्रा और 15 अगस्त समारोह को लेकर की चर्चा इन निर्देशों में यातायात को हर समय सुचारु बनाए रखना, आमजन के साथ शालीन और विनम्र व्यवहार करना, अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करना और किसी भी स्थान पर जाम की स्थिति उत्पन्न न होने देना शामिल था। इसके अतिरिक्त, हेलमेट, सीट बेल्ट और अन्य सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करवाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने पर भी विशेष बल दिया गया। निरीक्षण के बाद, एसीपी ट्रैफिक नरेश अहलावत ने ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ एक बैठक की। इस बैठक में कांवड़ यात्रा, 15 अगस्त समारोह और शहर की समग्र ट्रैफिक व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। यातायात प्रबंधन और डायवर्जन व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश बैठक के दौरान संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, डायवर्जन व्यवस्था और त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। एसीपी ट्रैफिक नरेश अहलावत ने इस अवसर पर कहा कि सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था केवल पुलिस के प्रयासों से ही नहीं, बल्कि आमजन के सहयोग से भी संभव है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करें और सड़क पर अनुशासन बनाए रखते हुए पुलिस का सहयोग करें। रोटरी क्लब ने ट्रैफिक पुलिसकर्मियों दिए छाते इसी अवसर पर सामाजिक सरोकार निभाते हुए रोटरी क्लब ऑफ सोनीपत द्वारा तेज धूप एवं प्रतिकूल मौसम में चौराहों पर ड्यूटी दे रहे ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की सुविधा के लिए 13 छतरियां भेंट की गईं। इस पहल का उद्देश्य ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य परिस्थितियां उपलब्ध कराना तथा उनके मनोबल को बढ़ाना है। ACP ट्रैफिक नरेश अहलावत, HPS ने रोटरी क्लब ऑफ सोनीपत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस और सामाजिक संस्थाओं के बीच इस प्रकार का सहयोग समाजहित में अत्यंत सराहनीय है तथा इससे जनसेवा के कार्यों को और अधिक मजबूती मिलती है। रोटरी क्लब के ये पदाधिकारी रहे मौजूद इस अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ सोनीपत की ओर से वाई. के. त्यागी (चेयरमैन, सेफ इंडिया फाउंडेशन), संजय सिंगला (प्रधान), विपुल कुछल, रिम्पी कुछल, किरण बाला, शालू त्यागी (मीटिंग चेयरपर्सन), सतीश माथुर (कोषाध्यक्ष), वीना कुकरेजा, रेखा दहिया, सुनील वर्मा, कोमल शर्मा तथा प्रवीन वर्मा सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। वहीं ट्रैफिक पुलिस की ओर से निरीक्षक बलवान, निरीक्षक हरिकिशन, निरीक्षक धर्मबीर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
Source link







